खबरवाणी
स्वर्गीय राजकुमार सोनी जी की स्मृति में मोक्ष धाम में हुआ वृक्षारोपण।
आमला। पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा का प्रेरणादायी संदेश देते हुए स्थानीय मोक्ष धाम परिसर में आज वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह पुनीत कार्य स्वर्गीय श्री राजकुमार सोनी जी के जन्मदिवस के अवसर पर उनकी धर्मपत्नी श्रीमती अनीता सोनी एवं समस्त सोनी परिवार द्वारा जनसेवा कल्याण समिति के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान मोक्ष धाम परिसर में विभिन्न प्रकार के छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।
इस अवसर पर सोनी परिवार ने कहा कि स्वर्गीय राजकुमार सोनी जी सदैव समाज सेवा, मानवीय मूल्यों और प्रकृति संरक्षण के प्रति समर्पित रहे। उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण जैसा पुण्य कार्य किया गया, ताकि आने वाली पीढ़ियों को भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश मिल सके।
जनसेवा कल्याण समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सोनी परिवार के इस प्रेरणादायी प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि किसी प्रियजन की स्मृति में वृक्षारोपण करना न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज के लिए भी अनुकरणीय उदाहरण है।
कार्यक्रम के अंत में सोनी परिवार ने इस आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी सहयोगियों, समिति के सदस्यों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।





