खबरवाणी
गीता ज्ञान प्रवचन के शुभारंभ पर निकली भव्य शोभायात्रा, श्रद्धालुओं ने लिया आध्यात्मिक संदेश का संकल्प
भौंरा। ग्राम पंचायत परिसर स्थित विजय मंगल भवन में रविवार से सात दिवसीय श्रीमद् भगवत गीता एवं महाभारत आधारित गीता ज्ञान प्रवचन कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच हुआ।कार्यक्रम का आयोजन ब्रह्माकुमारीज् भौरा द्वारा किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से श्रद्धालु शामिल हुए।कार्यक्रम के प्रथम दिवस दोपहर 2 बजे ब्रह्माकुमारीज ज्ञान योग भवन से शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आयोजन स्थल विजय मंगल भवन पहुंची। शोभायात्रा में महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। श्रद्धालुओं ने हाथों में धार्मिक ध्वज एवं गीता संदेश लिखी तख्तियां लेकर नगरवासियों को आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश दिया।
इसके पश्चात आयोजित प्रवचन कार्यक्रम में योग शक्ति आस्था दीदी ने श्रीमद् भगवत गीता के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गीता केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को दिशा देने वाला दिव्य ज्ञान है। उन्होंने कहा कि आज के तनाव, चिंता एवं अवसाद से भरे दौर में गीता का अध्ययन व्यक्ति को मानसिक शक्ति एवं सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। प्रवचन के दौरान आधुनिक महाभारत में कौरव एवं पांडव की व्याख्या, महाभारत के युद्ध का आध्यात्मिक स्वरूप, विराट रूप का रहस्य, आत्मशुद्धि तथा स्वर्णिम युग की स्थापना जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय आत्म परिवर्तन एवं विश्व कल्याण के लिए आध्यात्मिक जागृति का समय है तथा ज्ञानयज्ञ के माध्यम से स्वयं एवं समाज का शुद्धिकरण संभव है। आयोजकों के अनुसार यह सात दिवसीय गीता ज्ञान प्रवचन 23 मई तक प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रतिदिन गीता एवं महाभारत के विभिन्न आध्यात्मिक रहस्यों पर प्रवचन होंगे। आयोजकों ने नगर एवं क्षेत्रवासियों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर आध्यात्मिक लाभ लेने की अपील की है।






