Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

ग्राम पंचायत विक्रमपुर में “जल पंचायत” एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भव्य आयोजन

By
On:

खबरवाणी

ग्राम पंचायत विक्रमपुर में “जल पंचायत” एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भव्य आयोजन

खबरवाणी न्यूज़ रफीक

सारनी।ग्राम पंचायत विक्रमपुर में आज दिनांक 21/05/2026 को संस्था ग्राम भारती महिला मंडल द्वारा जल संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता को समर्पित “जल पंचायत” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री सम्मानित जल संरक्षण विशेषज्ञ उमाशंकर पाण्डेय उपस्थित रहे।

अपने प्रेरणादायी कार्यों के माध्यम से देशभर में जल संरक्षण की अलख जगाने वाले पद्मश्री श्री उमाशंकर पाण्डेय आज जल एवं सामुदायिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में देश के प्रेरणास्रोत बन चुके हैं। बुंदेलखंड के जखनी गाँव से प्रारंभ हुआ उनका प्रसिद्ध अभियान “खेत पर मेड़, मेड़ पर पेड़” आज देशभर में जल प्रबंधन का सफल मॉडल बन चुका है। उनके प्रयासों से हजारों गांवों में वर्षा जल संरक्षण, भूजल संवर्धन एवं किसानों की आय बढ़ाने जैसे उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।

जलशक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय जल योद्धा सम्मान तथा वर्ष 2023 में महामहिम राष्ट्रपति द्वारा पद्मश्री सम्मान से सम्मानित श्री पाण्डेय ने “पानी की पाठशाला”, “अटल भूजल यात्रा” एवं “जल के लिए चल” जैसे अभियानों के माध्यम से लाखों विद्यार्थियों, किसानों एवं नागरिकों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया है। वर्तमान में वे विभिन्न राष्ट्रीय समितियों एवं संस्थानों से जुड़कर देश में जल क्रांति के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में अमेय साठे एवं आशीष तयाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के पूजन एवं वंदन के साथ किया गया।

संस्था ग्राम भारती महिला मंडल की अध्यक्ष भारती अग्रवाल द्वारा सभी अतिथियों का श्रीफल भेंट कर स्वागत किया गया। अपने उद्बोधन में पद्मश्री श्री उमाशंकर पाण्डेय ने जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि जल बचाना केवल जिम्मेदारी नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने भी जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं सामुदायिक सहभागिता पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के अंत में संस्था अध्यक्ष श्रीमती भारती अग्रवाल एवं संस्था कोषाध्यक्ष नंदा सोनी द्वारा सभी अतिथियों का शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर आयोजित जागरूकता शिविर में उपस्थित नागरिकों ने जल संरक्षण एवं पानी बचाने की शपथ भी ग्रहण की।

कार्यक्रम को आधिकारिक मीडिया साझेदार के रूप में sarkaritel.com एवं RenewEarth Sustainability Foundation का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।

इसी क्रम में ग्राम पंचायत विक्रमपुर में मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड सारणी के सौजन्य से CSR गतिविधियों अंतर्गत निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में ग्राम के लगभग 100 से 110 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया।

स्वास्थ्य शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोड़ाडोंगरी से डॉ. कविता कोरी (पी.जी.एम.ओ.), डॉ. पुरुषोत्तम सरयाम (ए.एम.ओ.), डॉ. रश्मि ठाकुर (ए.एम.ओ.), डॉ. पद्मा नागवंशी (ए.एम.ओ.), श्री नरेश झरबड़े (फार्मासिस्ट), सुश्री वर्षा गढेकर (फार्मासिस्ट), सुश्री दीपिका ईवने (सी.एच.ओ.), श्री शैलेश कुमार (लैब टेक्निशियन) एवं सुश्री संगीता भोरसे (आशा सहयोगी) उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को सैनिटरी पैड का वितरण भी किया गया तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं, युवा एवं स्व-सहायता समूह की सदस्याएं उपस्थित रहीं। मुख्य अतिथियों द्वारा ग्राम में विशेष कार्य करने वाले महिला एवं जनप्रतिनिधियों को सम्मान पत्र दिये। कार्यक्रम में उपस्थित महिला बच्चे को स्वल्पाहार कराया गया अंत में हेल्थ कैंप में डॉक्टरों की सहयोग टीम को संस्था द्वारा स्मृति चिन्ह भेट किए गए।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News