Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

MP Election – भागोपा ने घोषित किए मुलताई-आमला से उम्मीदवार

By
Last updated:

पिछले चुनाव में तीन सीटों पर मिला था भारी जनादेश

MP Electionबैतूल गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के समय-समय पर कई विभाजन होते रहे हैं और विधानसभा चुनाव के दौरान एक समय ऐसा भी आया था कि छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा से गोंगपा का उम्मीदवार विधानसभा में पहुंच गया था। पिछले चुनाव में भी गोंगपा ने बैतूल जिले की सभी विधानसभा सीट से अपने उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे थे। जिनमें आमला, भैंसदेही और घोड़ाडोंगरी के उम्मीदवारों ने बड़ी संख्या में मत प्राप्त किए थे और आमला विधानसभा में तो गोंगपा के उम्मीदवार तो चुनाव परिणाम तक प्रभावित कर दिया था। इस बार अखिल भारतीय गोंडवाना पार्टी ने बैतूल जिले की आमला और मुलताई के उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं वहीं बैतूल और घोड़ाडोंगरी और भैंसदेही से भी उम्मीदवारों के नाम शीघ्र घोषित होने की बात कही जा रही है।

आमला से फिर राकेश महाले उम्मीदवार | MP Election

2018 के विधानसभा चुनाव में आमला-सारनी विधानसभा सीट से राकेश महाले एडव्होकेट को गोंगपा ने अपना उम्मीदवार बनाया था। राकेश महाले ने खबरवाणी को बताया कि उन्हें 15827 वोट मिले थे और वे तीसरे स्थान पर रहे थे। इस बार अखिल भारतीय गोंडवाना पार्टी ने उन्हें आमला विधानसभा सीट से कल ही अपना उम्मीदवार घोषित किया है। राकेश महाले ने खबरवाणी को बताया कि वे 15 वर्षों से राजनीति में है। उन्होंने बताया कि इस विधानसभा क्षेत्र में 48 हजार अनुसूचित जनजाति एवं 26 हजार अनुसूचित जाति के तथा 1 लाख 25 हजार अन्य पिछड़ा वर्ग के मतदाता हैं। और उन्हें विश्वास है कि इस चुनाव में उन्हें सफलता मिलेगी।

मुलताई से आरती कंगाले उम्मीदवार घोषित

शेरगढ़ मुलताई की निवासी आरती कंगाले को अखिल भारतीय गोंडवाना पार्टी ने मुलताई विधानसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया है। समीपस्थ पांढुर्णा जिले के निजी कालेज में प्रोफेसर रहीं आरती कंगाले इस पार्टी में पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं और आदिवासी महिला संगठन में पदाधिकारी हैं। आरती कंगाले शिक्षित होने के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय हैं और आदिवासी महिलाओं के उत्थान के लिए संकल्पित हैं। उन्होंने दावा किया कि मुलताई विधानसभा सीट से उनके उम्मीदवार को 35 हजार से अधिक मत मिलने की संभावना है। क्योंकि इस क्षेत्र में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति मतदाताओं की संख्या लगभग 80 हजार से 1 लाख है।

अन्य विधानसभाओं में भी घोषित होंगे उम्मीदवार | MP Election

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिलाध्यक्ष हेमंत सरेयाम ने बताया कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के निर्देश मिलने पर वे स्वयं बैतूल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। इसी तरह से घोड़ाडोंगरी विधानसभा सीट से कल्लूसिंह कुमरे का चुनाव लडऩा तय है। भैंसदेही से अभी नाम तय नहीं हुआ है।

2018 में अच्छी स्थिति में थे उम्मीदवार

पिछले चुनाव में आमला विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार राकेश महाले को 15 हजार 827 वोट मिले थे। बताया जाता है कि राकेश महाले के कारण आमला क्षेत्र के कांग्रेस उम्मीदवार मनोज मालवे को भारी नुकसान हुआ था। वहीं भाजपा उम्मीदवार योगेश पंडाग्रे की जीत ने राकेश महाले को मिले मतों ने अप्र्रत्यक्ष रूप से बड़ा योगदान दिया था क्योंकि राजनैतिक समीक्षकों का यह मानना है कि राकेश महाले को जो वोट मिले थे वो कांग्रेस का वोट बैंक था।

इसी तरह से 2018 के विधानसभा चुनाव में भैंसदेही सीट से लड़े सेवाराम इवने को 5460 वोट मिले थे। वहीं घोड़ाडोंगरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़े कौशल परते को भी 8240 वोट प्राप्त हुए। और यह सभी तीनों उम्मीदवार अपने-अपने क्षेत्रों में तीसरे नंबर पर रहे। जबकि बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी जैसे राष्ट्रीय एवं मान्यता प्राप्त दलों के उम्मीदवारों को चौथे-पांचवें स्थान पर संतोष करना पड़ा था।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News