Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

57 शिक्षक,डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षक सम्मान से सम्मानित

By
On:

खबरवाणी

57 शिक्षक,डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षक सम्मान से सम्मानित

मुलताई। नगर के वसंत इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस के अवसर पर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में अपनी सेवाएँ दे रहे 57 शिक्षकों को स्मृति-चिह्न, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वर्धा क्षेत्र के सांसद अमर शरद राव काले,पूर्व कैबिनेट मंत्री सुखदेव पांसे ने कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।विशिष्ट अतिथियों के रूप में मोहर सिंह सोलंकी,सरपंच प्रयाग राउत,धनराज कड़वे एवं गिरीश कराड़े, पूर्व जिला पंचायत सदस्य, मोर्शी (वरुड), महाराष्ट्र उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ गुरु वंदना से हुआ। इसके पश्चात विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. मधु पाँसे ने अपने स्वागत उद्बोधन में उपस्थित अतिथियों एवं सम्मानित शिक्षकों का अभिनंदन करते हुए शिक्षक के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को विषय का ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य को दिशा देने वाला मार्गदर्शक होता है।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व, शिक्षक की भूमिका तथा शिक्षक की गरिमा एवं मर्यादा पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति उसकी शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों की गुणवत्ता पर निर्भर करती है। शिक्षक समाज में ज्ञान, संस्कार और जिम्मेदारी की भावना का निर्माण करते हैं। बदलते समय में शिक्षक की भूमिका और भी व्यापक एवं महत्वपूर्ण हो गई है।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों का सम्मान किया गया। सम्मानित शिक्षकों को स्मृति-चिह्न, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर उनके शैक्षणिक योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों के लिए यह अवसर गौरव एवं प्रेरणा का क्षण रहा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती नीतू शर्मा ने आभार व्यक्त करते हुए मुख्य अतिथि, अध्यक्ष, विशिष्ट अतिथियों, सम्मानित शिक्षकों एवं उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। कार्यक्रम का संचालन गणेश मोहबे ने किया।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News