खबरवाणी
वार्ड 18 में पूर्व विधायक जज्जी ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का किया सम्मान
अशोकनगर। महिला एवं बाल विकास विभाग के ‘आंगन मिलन सेवा – सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शनिवार को वार्ड क्रमांक 18 के आंगनवाड़ी केंद्र पर भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। “बाल स्वास्थ्य एवं आनंदमयी गतिविधियों” थीम पर आधारित इस आयोजन की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन के साथ हुई।
सेक्टर सुपरवाइजर प्रियंका पवार ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, पोषण संवाद और बच्चों को फल-मिठाई वितरण जैसी गतिविधियों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्जी ने सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को तिलक लगाकर और साड़ियां भेंट कर सम्मानित किया। जज्जी ने कहा कि आंगनवाड़ी बहनें बच्चों के जन्म से लेकर उनके स्कूल जाने तक स्वास्थ्य व सुरक्षा का ध्यान रखती हैं, इसलिए उनका सम्मान करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष लखन यादव, नगर पालिका अध्यक्ष नीरज मनोरिया, पार्षद महेंद्र भारद्वाज, सलिल त्रिपाठी, कमल लोधी, अमजद खान, आफताब खान सहित अनेक जन प्रतिनिधि, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शबनम कुरैशी, कमलेश लोधी, अनुराधा वर्मा और स्थानीय महिलाएं व बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





