Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंका तो लगेगा 5 हजार रुपए जुर्माना

By
—
On:

खबरवाणी

सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंका तो लगेगा 5 हजार रुपए जुर्माना

गांधी जयंती पर ग्रामसभा में सर्वसम्मति से लिया निर्णय, कचरा फेंकने वालों की सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गुप्त, राष्ट्रीय पर्व पर किया जाएगा सम्मानित

भौंरा। गांधी जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को ग्राम पंचायत भवन में ग्रामसभा का आयोजन किया गया। ग्रामसभा में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा के साथ गांव में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। पंचायत द्वारा सर्वसम्मति से तय किया गया कि अब गांव में किसी भी व्यक्ति को सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकते हुए पाए जाने पर पंचायत की ओर से 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों को सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने के लिए जागरूक करने पंचायत क्षेत्र में बैनर और पोस्टर लगाए जाएंगे, ताकि स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़े और गांव में कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जा सके। ग्रामीणों से अपील की गई कि अपने घर एवं दुकानों से निकलने वाला कचरा कचरा गाड़ी में ही डालें। ग्रामसभा में यह भी निर्णय लिया गया कि सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकने वाले व्यक्ति की जानकारी पंचायत को देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। ऐसे लोगों को पंचायत की ओर से 15 अगस्त और 26 जनवरी जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर सम्मानित किया जाएगा। पंचायत ने इस पहल के माध्यम से स्वच्छता व्यवस्था में ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। ग्रामसभा में ग्रामीणों ने हैंडपंप लगाने, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन भी प्रस्तुत किए। पंचायत स्तर पर निराकरण योग्य समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने तथा संबंधित विभागों से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही गई।
इस दौरान पशु चिकित्सा विभाग की ओर से पशु चिकित्सक डॉ.मंदाकिनी मंडलोई ने ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित पशुपालन एवं कुक्कुट पालन से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण कड़कनाथ मुर्गा और देशी मुर्गी पालन को स्वरोजगार के रूप में अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकते हैं। योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को शासन के प्रावधानों के अनुसार सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने ग्रामीणों से पात्रता और योजना के तहत मिलने वाले लाभ की जानकारी पशु चिकित्सा विभाग से प्राप्त कर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रक्षा जांगरे ने महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए लाड़ली लक्ष्मी योजना, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को मिलने वाले पोषण आहार, पोषण वाटिका सहित अन्य योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने और बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं के पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील की। ग्रामसभा के अंत में पंचायत प्रभारी सचिव अमित तिवारी ने उपस्थित ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सचिव अमित तिवारी, पशु चिकित्सक मंदाकिनी मंडलोई, पटवारी संदीप सोनारे, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित ग्रामीणजन मौजूद रहे.

For Feedback - feedback@example.com

Related News

Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News