खबरवाणी
गांधी के सत्य और स्वच्छता के संदेश से गूंजा मदरलैंड स्कूल।
गांधी-शास्त्री जयंती पर माल्यार्पण, स्वच्छता अभियान और पौधारोपण
आमला। महात्मा गांधी के सत्य, सादगी और स्वच्छता के विचारों को आत्मसात करने का संदेश देते हुए सीबीएसई मदरलैंड पब्लिक स्कूल एकेडमी आमला में गांधी जयंती एवं लालबहादुर शास्त्री जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता राजेंद्र उपाध्याय की मौजूदगी में गांधी जी एवं शास्त्री जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
मुख्य अतिथि राजेंद्र उपाध्याय ने अपने उद्बोधन में सादगीपूर्ण जीवन जीने और सत्य के मार्ग पर चलने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा और स्वच्छता की प्रेरणा देता है, जबकि लालबहादुर शास्त्री का जीवन सादगी और कर्तव्यनिष्ठा का आदर्श है।
जयंती के अवसर पर विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस दौरान विद्यालय को स्वच्छ और हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प भी लिया गया।
संस्था संचालक कविश सुभाष देशमुख ने गांधी जी के पदचिह्नों पर चलने का आग्रह करते हुए अतिथियों, शिक्षकगण एवं समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन वाइस प्रिंसिपल अभिराम यादव एवं कोऑर्डिनेटर गीतांजलि मैडम ने किया। अतिथियों का स्वागत रमल सोनपूरे, पूजा सोलंकी, संगीता, सोनाली मैडम, मोहित सर एवं अनिकेत सर ने किया। पौधारोपण कार्यक्रम में राजू कचाहे, नीतेश दीक्षित एवं बाबूराव जैन सहित विद्यालय स्टाफ की सहभागिता रही।





