खबरवाणी
बैतूल से बानूर तक 40 किमी की नॉनस्टॉप दौड़, सुमित गीदकर ने बनाया अनूठा कीर्तिमान
3 घंटे 25 मिनट में पूरा किया सफर, पीपल चौक पर ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से किया भव्य स्वागत
बानूर। ग्राम पंचायत बानूर के युवा धावक सुमित पिंटू गीदकर ने बैतूल से बानूर तक लगातार बिना रुके 40 किलोमीटर की दौड़ लगाकर अनूठा कीर्तिमान स्थापित किया है। उनकी इस उपलब्धि से बानूर सहित बैतूल क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है। सुमित ने अपनी मेहनत, दृढ़ संकल्प और शारीरिक क्षमता का परिचय देते हुए यह चुनौतीपूर्ण सफर महज 3 घंटे 25 मिनट में पूरा किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुमित ने बैतूल के पुलिस ग्राउंड से सुबह 4 बजकर 17 मिनट पर दौड़ शुरू की। इसके बाद लगातार दौड़ते हुए वे सुबह 7 बजकर 42 मिनट पर ग्राम बानूर के पीपल चौक पहुंचे। बैतूल से बानूर तक लगभग 40 किलोमीटर की दूरी बिना रुके तय कर उन्होंने गांव का नाम गौरवान्वित किया।पीपल चौक पर हुआ भव्य स्वागत
सुमित के बानूर पहुंचते ही ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया। ग्राम सरपंच धनश्री विशाल डोंगरे सहित बाबुराव कोरसने, मुन्नालाल पाठेकर, पंढरी डोंगरे, अमृत देशमुख, यशवंत डोंगरे, अन्तुराम, कृपाराम, प्रमोद, भैयालाल, अंकुर, प्रकाश सहित अन्य ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया। ग्रामीणों ने तिलक लगाकर मिठाई बांटी और सुमित की उपलब्धि पर खुशी जाहिर की।
बाइक से साथियों ने की निगरानी
इस चुनौतीपूर्ण दौड़ के दौरान ग्राम के नयन डोंगरे, आयुष बड़ौदे और मनीष मोहबे बाइक से सुमित के साथ रहे। उन्होंने पूरे रास्ते उनकी निगरानी करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
सुमित की इस उपलब्धि ने गांव के युवाओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया है। ग्रामीणों का कहना है कि सुमित ने अपनी मेहनत और संकल्प से यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर कठिन से कठिन लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे बानूर में उल्लास का माहौल है





