खबरवाणी
पूज्य संत मुकुंदगिरी महाराज की पुण्यतिथि पर निकली भव्य पालकी यात्रा
भजन-कीर्तन, हवन-पूजन के साथ श्रद्धालुओं ने अर्पित किए श्रद्धा सुमन, महाप्रसादी में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
आठनेर। नगर के प्रमुख श्रीराम मंदिर के पूज्य संत श्री श्री मुकुंदगिरी महाराज की पुण्यतिथि श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से ही धार्मिक आयोजनों का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन, हवन एवं पूजन-अर्चन कर पूज्य संत को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
पुण्यतिथि के अवसर पर पूज्य संत मुकुंदगिरी महाराज की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। पालकी यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं ने जयकारों और भजनों के साथ पालकी यात्रा में सहभागिता की।
यात्रा के दौरान नगर के वरिष्ठ नागरिकों के साथ सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। पालकी यात्रा ने नगर के वातावरण को भक्तिमय बना दिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पालकी का स्वागत कर पूज्य संत के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
पालकी यात्रा के पश्चात श्रीराम मंदिर परिसर में महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।





