खबरवाणी
पटवारी संघ ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, स्वामित्व योजना और जिओ टैग गिरदावरी के बहिष्कार का किया ऐलान
अशोकनगर। मध्यप्रदेश पटवारी संघ जिला इकाई अशोकनगर ने विभिन्न मांगों और अतिरिक्त कार्यभार के विरोध में मंगलवार को कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। संघ ने ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026’ योजना सहित कई अन्य तकनीकी कार्यों से पटवारी संवर्ग को पूर्णतः पृथक रखे जाने की मांग की है।
ज्ञापन में पटवारी संघ ने स्पष्ट किया कि स्वामित्व योजना में पटवारियों को ‘निष्पादक’ बनाए जाने से उन पर व्यक्तिगत कानूनी दायित्व की आशंका बनी रहती है। संघ के अनुसार, यह कार्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से कराया जाना अधिक तर्कसंगत है, जबकि पटवारी केवल सहयोगी भूमिका निभाएंगे।
इसके साथ ही, संघ ने जिओ टैग गिरदावरी को पूरी तरह अव्यावहारिक बताते हुए इसका कार्य न करने का निर्णय लिया है। फार्मर ID निर्माण में आ रही तकनीकी बाधाओं के बावजूद पटवारियों पर बनाए जा रहे मानसिक दबाव पर भी आपत्ति जताई गई है।पटवारियों ने चेतावनी दी है कि ग्रेड-पे, कैडर रिव्यू और वेतन विसंगति जैसी पुरानी लंबित समस्याओं का हल किए बिना अतिरिक्त प्रभार थोपा गया या दबाव बनाया गया, तो समस्त पटवारी प्रदेशव्यापी कलमबंद हड़ताल और आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।





