खबरवाणी
बहादरपुर में शराब बिक्री के विरोध में महिलाओं ने उठाई आवाज
कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपा शिकायत पत्र, घर-परिवार पर पड़ रहा बूरा असर शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग
बुरहानपुर। ग्राम बहादरपुर में शराब की बिक्री को लेकर महिलाओं में नाराजगी सामने आई है। गांव की महिलाएं शिकायत लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं और क्षेत्र में शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। महिलाओं का कहना है कि उनके घरों के आस पास आबादी वाले क्षेत्र में आसपास शराब उपलब्ध होने से परिवारों पर इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
महिलाओं के अनुसार, शराब की वजह से कई परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। उनका आरोप है कि परिवार के पुरुष काम पर जाने के बजाय शराब का सेवन कर रहे हैं और कई बार घर में उपलब्ध सामान या अनाज तक बेचकर शराब खरीदने की स्थिति बन रही है। महिलाओं का कहना है कि उन्हें स्वयं परिवार चलाने के लिए मजदूरी और अन्य काम करने पड़ते हैं, जबकि घर की कमाई का एक हिस्सा शराब में खर्च होने से बच्चों की जरूरतों और घरेलू खर्चों पर असर पड़ रहा है।
घर के आसपास शराब बिक्री बंद करने की मांग
महिलाओं ने प्रशासन के समक्ष प्रमुख मांग रखते हुए कहा कि आबादी वाले क्षेत्र और घरों के आसपास शराब की बिक्री नहीं होनी चाहिए। उनका कहना है कि यदि शराब आसानी से घर के आसपास उपलब्ध रहेगी तो शराब का सेवन बढ़ने की आशंका बनी रहती है और इसका असर पूरे परिवार पर पड़ सकता है।
महिलाओं ने बताया कि शराब के सेवन के बाद घरों में विवाद की स्थिति बनने की शिकायतें भी सामने आती हैं। उनके अनुसार, कई परिवारों में शराब पीने के बाद गाली-गलौज और घरेलू विवाद होते हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों के माहौल पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। महिलाओं ने आबकारी प्रशासन से इस विषय को केवल शराब बिक्री का मामला न मानकर परिवार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषय के रूप में देखने की मांग की है।
आबकारी विभाग की भूमिका पर उठे सवाल
महिलाओं ने शराब बिक्री को लेकर आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक शराब की बिक्री को लेकर शिकायतें सामने आती रहती हैं, लेकिन प्रभावी निगरानी और कार्रवाई पर्याप्त दिखाई नहीं देती। संबंधित विभाग आबकारी जांच के
ऐसे मामलों में यह आवश्यक है कि आबकारी विभाग अपने क्षेत्र में लाइसेंस प्राप्त शराब दुकानों, उनके निर्धारित स्थान, बिक्री की अनुमति तथा समय सहित अन्य नियमों का निरीक्षण करे। यदि कहीं बिना अनुमति शराब की बिक्री अथवा लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।





