खबरवाणी
जनता के सवालों से घिरीं सरपंच, बैठक छोड़कर निकले!
युवा जन संवाद में ग्रामीणों ने पूछे विकास कार्यों पर सवाल, सरपंच और सरपंच पति के बैठक छोड़ने पर गरमाई चर्चा
बैतूल/भैंसदेही। ग्राम पंचायत आमला में आयोजित युवा जन संवाद उस समय चर्चा का विषय बन गया, जब ग्रामीणों और युवाओं ने पंचायत के विकास कार्यों और मूलभूत समस्याओं को लेकर सवालों की झड़ी लगा दी। सड़क, नाली, पेयजल, शिक्षा, स्वच्छता सहित पंचायत स्तर पर किए जा रहे कार्यों को लेकर ग्रामीणों ने जिम्मेदारों से जवाब मांगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे पंचायत प्रतिनिधियों के सामने रखने और विकास कार्यों को लेकर जवाबदेही तय करने का था। लेकिन सवाल-जवाब के बीच ऐसा माहौल बना कि आयोजकों के अनुसार सरपंच और सरपंच पति बैठक छोड़कर चले गए। उनके अचानक बैठक से बाहर जाने को लेकर मौजूद ग्रामीणों और युवाओं के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
सवाल पूछे तो कुर्सी छोड़कर निकल गए जिम्मेदार?
ग्रामीणों का कहना है कि यदि पंचायत में विकास कार्य सही तरीके से हो रहे हैं तो जनता के सवालों के जवाब देने में परेशानी क्यों? युवाओं ने पंचायत में पारदर्शिता और विकास कार्यों की जानकारी सार्वजनिक किए जाने की मांग उठाई। संवाद के दौरान ग्रामीणों ने अपने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से रखा और पंचायत प्रतिनिधियों से उनके निराकरण की स्थिति जानने का प्रयास किया।
युवा शक्ति संगठन के संस्थापक पवन पारधे ने कहा कि गांव के विकास से जुड़े मुद्दों पर जनता की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा। ग्रामीणों को सवाल पूछने का पूरा अधिकार है और पंचायत स्तर पर होने वाले कार्यों में पारदर्शिता तथा जवाबदेही जरूरी है।
युवा जन संवाद में उठे सवाल अब केवल बैठक तक सीमित नहीं रहने की बात कही जा रही है। आयोजकों ने ग्रामीण समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष उठाने की बात कही है।
कार्यक्रम के बाद गांव में एक सवाल जरूर चर्चा में है—जब जनता ने सवाल पूछे तो जवाब देने के बजाय सरपंच और सरपंच पति बैठक छोड़कर क्यों चले गए?





