खबरवाणी
गुजरिया पर्व हर्षोल्लास और आस्था के साथ मनाया गया
खबरवाणी न्यूज़ | रफीक
सारनी। सारनी क्षेत्र में आस्था, परंपरा और आपसी भाईचारे का पर्व गुजरिया हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शोभापुर कॉलोनी, पाथाखेड़ा, सारनी, बगडोना सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने नदी घाटों पर पहुंचकर जवारे विसर्जित किए और एक-दूसरे को गले मिलकर गुजरिया पर्व की शुभकामनाएं दीं।
शोभापुर कॉलोनी स्थित भुजलिया घाट पर वर्षों से लगने वाले मेले में इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचे। जेरी चौक और नाला पार से गुजरिया की टोलियां ढोल-बाजे और बैंड की धुनों के साथ जवारे लेकर घाट पर पहुंचीं। महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और जवारे विसर्जित किए।
पूजा-अर्चना के बाद नदी में झंडा लगाने की परंपरागत प्रतियोगिता आयोजित की गई। दोनों पक्षों की टीमों ने उत्साह के साथ झंडे तक पहुंचने का प्रयास किया। प्रतियोगिता के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा घाट उत्साह से भर गया। प्रतियोगिता के बाद दोनों पक्षों के लोगों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते हुए एक-दूसरे को गले मिलकर गुजरिया पर्व की शुभकामनाएं दीं। दोनों टीमों को नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बड़े सहित मौजूद अतिथियों द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए।
मेले में बच्चों के लिए खिलौनों के साथ खान-पान की विभिन्न दुकानें और गुपचुप सहित अन्य खाद्य सामग्री के स्टॉल लगाए गए। मेले में लोगों ने जमकर खरीदारी की और परिवार के साथ पर्व का आनंद लिया।
हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश
गुजरिया पर्व के दौरान हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे की मिसाल भी देखने को मिली। रहमान मंसूरी ने अपनी दुकान के सामने टेबल-कुर्सी और टेंट लगाकर कार्यक्रम में पहुंचे नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बड़े, सुधा चंद्रा, बंटी चौधरी सहित अन्य लोगों का सम्मान किया। उन्होंने उपस्थित लोगों के लिए चाय-पानी की व्यवस्था भी अपने स्तर पर की। इस पहल ने पर्व के दौरान आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर पूर्व डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे भी गुजरिया स्थल पर पहुंचीं और उपस्थित लोगों को गुजरिया पर्व एवं रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। शाम होते-होते गुजरिया पर्व का विधिवत समापन हुआ।





