Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

अर्चना चिटनिस ने किया औचक निरीक्षण, सफाई, जलापूर्ति और मूलभूत सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही न हो

By
On:

खबरवाणी

अर्चना चिटनिस ने किया औचक निरीक्षण, सफाई, जलापूर्ति और मूलभूत सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही न हो

बुरहानपुर। नगर में स्वच्छता, नियमित जलापूर्ति और नागरिकों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। नागरिकों को अपनी रोजमर्रा की सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए नगर निगम प्रशासन जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाए। यह निर्देश पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने दौलतपुरा, नया मोहल्ला एवं शाह बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों के औचक निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधिकारियों को दिए।

श्रीमती चिटनिस ने वार्डों में पैदल भ्रमण कर मौके पर साफ-सफाई, नालियों, सड़कों, जलापूर्ति तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय रहवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

दौलतपुरा, नया मोहल्ला एवं शाह बाजार क्षेत्र के रहवासियों ने श्रीमती चिटनिस को वार्ड में साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। नागरिकों ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और बेहतर बनाने, नियमित सफाई कराने तथा विभिन्न स्थानों पर जमा गंदगी को तत्काल हटाने की मांग रखी। श्रीमती चिटनिस ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक वार्ड में नियमित एवं समयबद्ध रूप से दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने नगर निगम प्रशासन को सफाई व्यवस्था में कसावट लाने तथा वार्डवार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में नगर निगम के साथ नागरिकों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करने का आग्रह करते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

*बहते नलों और पानी की बर्बादी को लेकर दिए सख्त निर्देश*

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नलों में टोटियां नहीं होने के कारण पानी व्यर्थ बहता दिखाई दिया। इसे गंभीरता से लेते हुए श्रीमती चिटनिस ने नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल की एक-एक बूंद महत्वपूर्ण है। जहां नलों में टोटियां नहीं हैं, वहां तत्काल टोटियां लगाई जाएं और पानी के अनावश्यक बहाव को रोका जाए। साथ ही जलापूर्ति व्यवस्था को नियमित एवं व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक निगरानी की जाए।

*सड़कों के गड्ढों का तत्काल भराव एवं निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश*

स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र की सड़कों पर जगह-जगह बने गड्ढों की समस्या भी श्रीमती चिटनिस के समक्ष रखी। नागरिकों ने गड्ढों का तत्काल भराव कराने के साथ ही आवश्यकतानुसार सड़कों के निर्माण की मांग की। श्रीमती चिटनिस ने मौके पर सड़कों की स्थिति का निरीक्षण किया और नगर निगम अधिकारियों को गड्ढों का शीघ्र भराव कराने तथा आवश्यक स्थानों पर सड़क निर्माण कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से डॉ. आंबेडकर वार्ड एवं शाहबाजार क्षेत्र के मार्गों के निर्माण कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि वार्डों में नागरिकों की रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान के लिए छोटे-छोटे कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नगर निगम प्रशासन को झोनल टेंडर के अंतर्गत वार्ड स्तर पर आवश्यक छोटे कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नाली, सड़क, जलापूर्ति, सफाई अथवा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित छोटी समस्या यदि समय पर दूर कर दी जाए तो वह आगे चलकर बड़ी समस्या नहीं बनती। इसलिए अधिकारियों को वार्ड स्तर पर लगातार निरीक्षण करते हुए समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान श्रीमती चिटनिस ने बाई साहब की हवेली से राजघाट की ओर जाने वाले मार्ग का भी जायजा लिया। उन्होंने मार्ग के दोनों ओर बनी नालियों को कवर करते हुए सड़क के चौड़ीकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश नगर निगम अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण मार्गों पर आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ जल निकासी और स्वच्छता की व्यवस्था भी व्यवस्थित होना आवश्यक है। इस दिशा में संबंधित अधिकारी स्थल का परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।

*नागरिकों से सीधे संवाद कर जानी जमीनी हकीकत*

श्रीमती अर्चना चिटनिस ने निरीक्षण के दौरान केवल अधिकारियों से जानकारी लेने के बजाय स्थानीय रहवासियों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति जानी। नागरिकों ने भी अपनी समस्याएं और आवश्यकताएं खुलकर उनके समक्ष रखीं। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि जनप्रतिनिधि और प्रशासन का वास्तविक मूल्यांकन जनता को मिलने वाली सुविधाओं से होता है। इसलिए वार्डों में नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनना और उनका समयबद्ध समाधान करना आवश्यक है। उन्होंने निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों द्वारा बताई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनकी मॉनिटरिंग की जाए तथा किए गए कार्यों की नियमित समीक्षा भी हो।

इस दौरान नगर निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव, पार्षद संभाजीराव सगरे, आशीष शुक्ला, धनराज महाजन, विपुल कानूनगो, श्रीमती उमा कपूर, शिवकुमार पासी, किशोर कामठे, अक्षय मोरे, श्रीमती संध्या कदवाने, प्रकाश तायडे, मोहन रायसरदार, बंटी मार्शल, गणेश सिंगोतिया, प्रेमदा सिंगोतिया सहित क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News