खबरवाणी
ईद मिलादुन्नबी के बाद बच्चों का धार्मिक कार्यक्रम आयोजित
बच्चों ने नात शरीफ, तकरीर और मॉडल के माध्यम से दी इस्लामी शिक्षाओं की जानकारी
खबरवाणी न्यूज़ रफीक 
सारनी । शोभापुर कॉलोनी स्थित हिंदुस्तान चिकन सेंटर के हॉल में ईद मिलादुन्नबी के बाद प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी बच्चों का धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों ने नात शरीफ एवं तकरीर प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को इस्लाम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
बच्चों ने हदीस, नमाज के महत्व तथा फजर से लेकर ईशा तक पांचों वक्त की नमाज पढ़ने से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही इस्लाम से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल-जवाब भी हुए। बच्चों ने हुजूर-ए-अकरम के जीवन से जुड़े सवालों के जवाब दिए और कार्यक्रम में मौजूद बड़ों से भी सवाल-जवाब किए।
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा मक्का-मदीना सहित विभिन्न इस्लामी विषयों पर आकर्षक मॉडल तैयार किए गए। इन मॉडलों के माध्यम से बच्चों ने नमाज तथा धार्मिक शिक्षाओं से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए। वहीं बच्चों द्वारा खाने-पीने की विभिन्न वस्तुओं के स्टॉल भी लगाए गए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में बच्चों की नात शरीफ, तकरीर और मॉडल प्रस्तुति को सभी ने सराहा। बेहतर प्रस्तुति देने वाले बच्चों सहित कार्यक्रम में शामिल सभी बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस आयोजन में जिक्र-ए-इलाही महिला ग्रुप का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। यह महिला ग्रुप सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता है। किसी के इंतकाल पर मिट्टी के अवसर पर ग्रुप की महिलाओं द्वारा ईसाले सवाब किया जाता है। इसके साथ ही ग्रुप द्वारा इस्लामी पढ़ाई-लिखाई और धार्मिक जागरूकता के कार्यों में भी योगदान दिया जाता है।
कार्यक्रम में बच्चों के साथ बड़ी संख्या में कॉलोनी की महिलाएं एवं जिक्र-ए-इलाही महिला ग्रुप की सदस्य मौजूद रहीं। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में धार्मिक शिक्षा, संस्कार और इस्लामी जानकारी के प्रति रुचि बढ़ाना रहा।





