Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

एबीवीपी ने निकाली विद्यार्थी हुंकार रैली

By
On:

खबरवाणी

एबीवीपी ने निकाली विद्यार्थी हुंकार रैली

17 सूत्रीय मांगों को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन शासकीय कॉलेजों में पेयजल, शौचालय, कैंटीन, वाई-फाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग

बैतूल। शासकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने गुरुवार को विद्यार्थी हुंकार अभियान के तहत रैली निकाली। जिला संयोजक देवेन्द्र पांसे के नेतृत्व में विद्यार्थी जेएच कॉलेज में एकत्र हुए। यहां से कॉलेज चौक होते हुए रैली कलेक्टर कार्यालय पहुंची, जहां उच्च शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार के नाम जिलाधीश को 17 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा गया।

नगर मंत्री रोशन कोसे ने बताया कि शासकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को कई आवश्यक सुविधाओं के अभाव में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परिषद ने कॉलेजों में स्वच्छ पेयजल, खराब वाटर कूलर व आरओ की मरम्मत, पर्याप्त और स्वच्छ छात्र-छात्राओं के शौचालय, छात्राओं के लिए सेनेटरी नैपकिन, वेंडिंग व डिस्पोजल की व्यवस्था की मांग की।

मांग पत्र में कक्षाओं में पर्याप्त बेंच-डेस्क, पंखे, प्रकाश, खिड़कियां और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने, पुस्तकालयों में पर्याप्त पाठ्य एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें, समाचार-पत्र और बैठक व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा ई-लाइब्रेरी शुरू करने की मांग की गई। प्रयोगशालाओं में आवश्यक उपकरण, सामग्री और सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ खेल मैदान व खेल सामग्री व्यवस्थित करने की मांग भी रखी गई।

परिषद ने कॉलेज परिसरों में नियमित सफाई, कूड़ेदान, कचरा निस्तारण, प्लास्टिक मुक्त वातावरण, वृक्षारोपण और हरित परिसर विकसित करने के साथ विद्यार्थियों के बैठने के लिए बेंच और शेड की व्यवस्था करने की मांग की। प्रवेश-निकास द्वार पर सुरक्षा, आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी और क्षतिग्रस्त अथवा अनुपलब्ध बाउंड्रीवॉल की व्यवस्था कर असामाजिक तत्वों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग भी की गई।

विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित साइकिल व दोपहिया पार्किंग, इंटरनेट-वाई-फाई, डिजिटल अध्ययन संसाधन, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए रैंप व सुगम प्रवेश मार्ग और प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई। प्रवेश, छात्रवृत्ति, परीक्षा और प्रमाण-पत्र संबंधी समस्याओं के लिए विद्यार्थी सहायता केंद्र स्थापित कर कर्मचारी को जवाबदेह बनाने तथा छात्राओं के लिए कॉमन रूम की व्यवस्था करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

एबीवीपी ने सभी शासकीय कॉलेजों में रियायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री के लिए कैंटीन शुरू करने और ठप पड़ी विवेकानंद करियर गाइडेंस सेल को पुनः सक्रिय कर विद्यार्थियों को रोजगार, करियर और कौशल विकास का मार्गदर्शन देने की मांग की। परिषद ने मांगों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा अतिरिक्त बजट या उच्चस्तरीय स्वीकृति वाले कार्यों के प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेजने और कार्रवाई से विद्यार्थी प्रतिनिधियों को अवगत कराने का आग्रह किया।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News