खबरवाणी न्यूज़
चिनार कंपनी की दादागीरी नहीं चलने देंगे — भूषण कांती
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। सारनी क्षेत्र में गरीब मजदूर के साथ कथित तौर पर किए गए अन्याय और मारपीट की घटना को लेकर भूषण कांति पूर्व सचिव युवक कांग्रेस मध्य प्रदेश ने चिनार कंपनी प्रबंधन एवं प्रशासन के खिलाफ कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है।
भूषण कांति ने कहा कि एक गरीब मजदूर को पहले काम से निकाल दिया गया और इसके बाद उसकी मेहनत की मजदूरी का भुगतान भी नहीं किया गया। जब मजदूर ने अपने हक की मांग की तो कंपनी के ठेकेदार द्वारा उसके साथ गाली-गलौज एवं मारपीट किए जाने का आरोप है। यह घटना बेहद गंभीर और निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि गरीब मजदूरों का शोषण और उनके साथ दबंगई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मजदूर अपना खून-पसीना बहाकर परिवार का पालन-पोषण करता है और उसकी मेहनत की कमाई रोकना उसके अधिकारों का सीधा हनन है।
भूषण कांति ने सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारणी की पुरानी यूनिटों को तोड़ने का काम कर रही चिनार कंपनी के ठेकेदारों एवं अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि मजदूरों को डराने-धमकाने और उनके साथ मनमानी करने का रवैया तत्काल बंद किया जाए। यदि कंपनी प्रबंधन ने अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया और मजदूर को उसका हक एवं न्याय नहीं मिला, तो कांग्रेस पार्टी मजदूरों के समर्थन में सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
उन्होंने शासन-प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने तथा मजदूर को उसकी बकाया मजदूरी दिलाने की मांग की।
भूषण कांति ने स्पष्ट कहा कि मजदूरों के सम्मान, अधिकार और न्याय की लड़ाई में कांग्रेस पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है। यदि मजदूरों के साथ अन्याय जारी रहा तो आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी संबंधित कंपनी प्रबंधन एवं शासन-प्रशासन की होगी।




