खबरवाणी
दाऊदी बोहरा समाज ने मनाया
ईद मिलादुन्नबी पर त्योहार, शहर में निकाला भव्य जुलूस, धार्मिक ध्वज के साथ शान से लहराया तिरंगा
बुरहानपुर में ईद मिलादुन्नबी का त्योहार दाऊदी बोहरा समाज द्वारा रविवार को उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह के समय भव्य जुलूस निकाला गया। इस जुलूस की दाऊदपुरा स्थित जमातखाना से सुबह 9 बजे शुरुआत हुई। जुलूस में समाजजन बच्चों सहित बड़ी संख्या में शामिल हुए। शहर आमील शेख हेदर भाई जमाली साहब, मोईन आमील शेख युसुफ भाई जमाली, शेख मोहम्मद भाई कोटावाला एवं आमील मोहम्मदी मोहल्ला लोधीपुरा की सदारत में जुलूस निकाला गया। जुलूस का संचालन अंजुमन जमात कमेटी, BGI कंपनी एवं तूलबा कंपनी द्वारा संबंधित आयोजकों द्वारा किया गया। जुलूस में धार्मिक ध्वज के साथ राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भी शान से लहराया गया। तीन बग्घियों और करीब 15 घोड़ों के साथ हाकिम स्काउट, जुलूस के दौरान मोहम्मद साहब की नात-ए-पाक पढ़ी गई के नारे लगाए।
ढोल-ताशे के बीच जुलूस निकला। पूरे मार्ग पर ईद मिलादुन्नबी को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल नजर आया।
दाऊदपुरा से शुरू हुआ जुलूस निर्धारित रूट से होते हुए शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से गुजरा। इस दौरान बुरहानपुर के पूर्व विधायक ठाकुर सुरेंद्र सिंह शेरा भैया भी जुलूस में शामिल हुए और जुलूस के साथ आखिरी तक मौजूद रहे।
दाऊदी बोहरा समाज के कोआर्डिनेटर एवं PRO तफज्जुल हुसैन ने बताया कि ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर समाज द्वारा हर वर्ष उत्साह और श्रद्धा के साथ जुलूस निकाला जाता है। इस वर्ष भी समाजजन बड़ी संख्या में जुलूस में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जुलूस में धार्मिक आस्था के साथ देशप्रेम का संदेश भी दिया गया और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को शान से लहराया गया।
जुलूस के रास्ते में जगह-जगह विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक संगठनों द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
दाऊपुरा पार्षद हमीद डायमंड द्वारा मंच लगाया गया जिसमें में कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष रिंकू टॉक , अजय रघुवंशी ,रफीक गुल मोहम्मद , हामिद डायमंड, किशोर महाजन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने जुलूस का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
इसके बाद इकबाल चौक पर कांग्रेस के अल्पसंख्यक नेता फरीद काजी और उनके साथियों ने जुलूस में शामिल समाजजनों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व पार्षद आरिफ बागवान और पूर्व पार्षद सिद्दीकी पहलवान , पूर्व पार्षद मुन्ना पहलवान जाहिद सिद्दीकी ने भी जुलूस का स्वागत किया।
गांधी चौक में लायंस क्लब की ओर से शहर आमील शेख हेदर भाई जमाली साहब, मोईन आमील शेख युसुफ भाई जमाली और शेख मोहम्मद भाई कोटावाला का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद फव्वारा चौक पहुंचने पर रोटरी क्लब की ओर से जुलूस का स्वागत किया गया। कोतवाली थाना क्षेत्र में गज्जू दादा मित्र मंडल की ओर से जुलूस का स्वागत किया गया। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र पाटील सहित भाजपा पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर जुलूस में शामिल समाजजनों का स्वागत किया।
दाऊदी बोहरा समाज के कोआर्डिनेटर एवं PRO तफज्जुल हुसैन ने बताया कि पूरे जुलूस के दौरान समाजजनों ने अनुशासन और शांतिपूर्ण तरीके से सहभागिता की। उन्होंने जुलूस के स्वागत के लिए शहर के विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों का आभार भी व्यक्त किया।
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर निकले इस भव्य जुलूस में धार्मिक उत्साह के साथ देशप्रेम की झलक भी देखने को मिली। धार्मिक ध्वज के साथ तिरंगा लहराता नजर आया, जिसने जुलूस में देशभक्ति का रंग भी भर दिया।
वहीं प्रशासन द्वारा निर्धारित समय और रूट के अनुसार जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक इंतजाम किए गए।
ईद मिलादुन्नबी के मौके पर शहर आमील की ओर से अंजुमन जकवी जमात कमेटी द्वारा एसडीएम पल्लवी पुराणिक, सीएसपी विनोद सिंह कुशवाह, कोतवाली थाना टीआई नीता देरवाल और गणपति थाना टीआई कमल सिंह पवार का भव्य स्वागत किया गया। अधिकारियों को शॉल ओढ़ाकर एवं फूलों के गुलदस्ते भेंट कर सम्मानित किया गया। जुलूस में बड़ी संख्या में दाऊदी बोहरा समाज के लोग शामिल हुए।





