खबरवाणी
बगडोना के तीन सूने मकानों में चोरी का खुलासा, धार के अंतर-जिला गिरोह का पर्दाफाश
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस पहुंची आरोपियों तक, एक गिरफ्तार; पांच फरार आरोपियों पर पुलिस की नजर
खबरवाणी न्यूज़ | रफीक
सारणी। पाथाखेड़ा क्षेत्र में सूने मकानों को निशाना
बनाकर की गई तीन चोरी की वारदातों का सारणी पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतर-जिला चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य धार जिले के टांडा क्षेत्र से आते थे। आरोपी दिन में सूने मकानों की रेकी करते और रात में ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। घटनाओं में आरोपियों की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई थीं। तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस द्वारा विकसित विश्वसनीय सूत्रों के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को धार जिले से गिरफ्तार किया है।
2 अगस्त की रात सतपुड़ा कॉलोनी में दो मकानों में चोरी
पहली घटना 2 अगस्त 2026 की रात सतपुड़ा कॉलोनी, पाथाखेड़ा, वार्ड क्रमांक 36 में हुई। फरियादी संजय शर्मा पिता कमलकिशोर शर्मा, उम्र 65 वर्ष के सूने मकान का ताला तोड़कर आरोपी घर में दाखिल हुए और सोने-चांदी के आभूषण सहित 35 हजार रुपये नगद चोरी कर ले गए। इस मामले में थाना सारणी में अपराध क्रमांक 241/26 दर्ज किया गया।
इसी रात इसी क्षेत्र में दयालाल मेहरा पिता भैयालाल मेहरा, उम्र 67 वर्ष के सूने मकान को भी निशाना बनाया गया। यहां से सोने-चांदी के आभूषण और 3 हजार रुपये नगद चोरी किए गए। मामले में अपराध क्रमांक 242/26 दर्ज किया गया।
9 अगस्त को रेस्क्यू कॉलोनी में चोरी
तीसरी घटना 9 अगस्त 2026 को पाथाखेड़ा की रेस्क्यू कॉलोनी में हुई। फरियादी राहुल पिता सुमरचंद धुर्वे, उम्र 34 वर्ष के घर का ताला तोड़कर आरोपी अलमारी में रखे एक मंगलसूत्र, सोने के कान के टॉप्स और एक सोनाटा घड़ी, जिसकी कुल कीमत करीब 95 हजार रुपये बताई गई, चोरी कर ले गए। इस मामले में अपराध क्रमांक 249/26 दर्ज किया गया।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिली अहम कड़ी
तीनों घटनाओं को पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन ने गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री कमलेश कुमार खरपुसे और एसडीओपी सारणी सुश्री प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में पुलिस ने घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी ने डॉग एस्कॉर्ट के साथ घटनास्थलों का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य जुटाए।
तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस सूत्रों के आधार पर मनीष पिता ठाकुर सिंह वसूनिया, उम्र 23 वर्ष, निवासी जिला धार को 10 अगस्त 2026 को धार जिले से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी में प्रयुक्त वाहन क्रमांक MP-13-ZS-4936, 3 हजार रुपये नगद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पूछताछ में छह सदस्यीय गिरोह का खुलासा
पुलिस पूछताछ में मनीष ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। गिरोह में दिनेश पिता शंकर वसूनिया, मानसिंह उर्फ मान्या उर्फ मनु पिता बायसिंह मोहनिया, सुरपसिंह मोहनिया, रेवसिंह मोहनिया और छगन वसूनिया शामिल बताए गए हैं। सभी आरोपी धार जिले के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरोह 10 से 15 दिनों के लिए चोरी करने निकलता था। दिन में रेकी कर सूने मकानों की पहचान की जाती थी और रात में ताले तोड़कर चोरी की जाती थी। पुलिस पूछताछ में बैतूल के अलावा मुलताई क्षेत्र के खाटू श्याम मंदिर की दान पेटी, छिंदवाड़ा के तामिया और सिवनी में भी चोरी की घटनाओं की जानकारी सामने आई है।
मुख्य आरोपी सहित दो पर 10-10 हजार का इनाम
पुलिस के अनुसार गिरोह के मुख्य सदस्य मानसिंह उर्फ मान्या उर्फ मनु के विरुद्ध विभिन्न जिलों में अपराधों की जानकारी सामने आई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक बैतूल ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। वहीं फरार आरोपी दिनेश पिता शंकर वसूनिया की गिरफ्तारी पर भी 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार टांडा, धार जिले से जुड़ी इस गैंग का नाम वर्ष 2017 में मुलताई में हुई डकैती और वर्ष 2021 में बड़वानी में हुई बड़ी डकैती की घटना से भी जुड़ा बताया गया है। संबंधित मामलों की जानकारी पुलिस द्वारा जुटाई जा रही है।
कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सारणी निरीक्षक जयपाल इनवाती, निरीक्षक आबिद अंसारी, उपनिरीक्षक मनोज उईके, प्रधान आरक्षक श्रीराम उईके, आरक्षक मोहित भाटी एवं रवि मोहन तथा साइबर सेल से राजेन्द्र धाडसे, बलराम राजपूत और सचिन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम को प्रोत्साहन के लिए पुलिस अधीक्षक बैतूल द्वारा 10 हजार रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।





