खबरवाणी
अर्चना चिटनिस की सौगात- शहर के मध्य पॉली क्लिनिक में आयुर्वेद, एलोपैथी और होम्योपैथी की समेकित स्वास्थ्य सेवाएं मिलेगी
बुरहानपुर। बुरहानपुर को एक विकसित, सुव्यवस्थित एवं आधुनिक शहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) के सतत प्रयासों, निरंतर मॉनिटरिंग एवं प्रभावी पहल का एक और महत्वपूर्ण परिणाम सामने आया है। शहर के समग्र विकास की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से लागू पुनर्घनत्वीकरण (रिडेंसिफिकेशन) योजना के अंतर्गत सिटी मॉल परिसर में निर्मित पॉली क्लिनिक भवन अब शीघ्र ही शहरवासियों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का नया केंद्र बनने जा रहा है।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने पॉली क्लिनिक भवन का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी आवश्यक संसाधन, चिकित्सा उपकरण, मानवबल एवं आधारभूत व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण कर आमजन के लिए स्वास्थ्य सेवाएं शीघ्र प्रारंभ की जाएं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पुनर्घनत्वीकरण योजना की जनकल्याणकारी सोच का सशक्त उदाहरण है, जिसका उद्देश्य नागरिकों को शहर के मध्य ही गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
श्रीमती अर्चना चिटनिस के आग्रह के बाद जिला प्रशासन द्वारा शासकीय स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय, बुरहानपुर में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम प्रारंभ करने एवं चिकित्सा सेवाओं के विस्तार के उद्देश्य से पॉली क्लिनिक भवन आयुर्वेद महाविद्यालय को संचालन हेतु हस्तांतरित किया गया है। आगामी दो माह में यह पॉली क्लिनिक प्रारंभ हो सकेंगा। यहां आयुर्वेद, एलोपैथी एवं होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति का समन्वित मॉडल विकसित किया जाएगा, जिससे नागरिकों को एक ही स्थान पर बहुआयामी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। पॉली क्लिनिक में जनरल ओपीडी, आयुर्वेद विशेषज्ञ ओपीडी, स्किन ओपीडी, पंचकर्म चिकित्सा यूनिट, गायनेकोलॉजी ओपीडी, सोनोग्राफी, डिजिटल एक्स-रे, आधुनिक पैथोलॉजी जांच सुविधाएं तथा जिला चिकित्सालय के सहयोग से एलोपैथिक जनरल ओपीडी संचालित की जाएगी। गर्भिणी महिलाओं को शहर के मध्य सुरक्षित एवं सुविधाजनक परामर्श एवं योग आदि सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा जिला चिकित्सालय पर मरीजों का भार भी कम होगा।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि पुनर्घनत्वीकरण योजना के माध्यम से शहर में केवल अधोसंरचना का विकास ही नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने वाली सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है। यह पॉली क्लिनिक बुरहानपुर के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई उपलब्धि सिद्ध होगा और शहरवासियों को समय, धन एवं अनावश्यक परेशानी से राहत प्रदान करेगा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण कर पॉली क्लिनिक को शीघ्र जनता के लिए समर्पित किया जाए, ताकि बुरहानपुर के नागरिकों को आधुनिक एवं समेकित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ.राजेन्द्र वर्मा, अनिल जैन, मुकेश शाह, आयुर्वेद महाविद्यालय-चिकित्सालय प्रभारी प्राधानाचार्य डॉ.शिवकुमार आचार्य, जिला आयुष अधिकारी डॉ.कविता गढ़वाल, डॉ.अरविंद पटेल, डॉ.दीपक नायक, संभाजी सागरे, सुमित बोरले, रूद्रेश्वर एंडोले, अनिल पुनीवाला, वैभव महाजन, भारत रावल एवं अक्षय मोरे उपस्थित रहे।





