खबरवाणी
ग्रामीणों के आवागमन पर मंडराया संकट: एयरफोर्स की फेंसिंग से बंद होगा रास्ता, एस डी एम को सौंपा ज्ञापन।
आवागमन और शिक्षा पर असर।
ग्राम पंचायत आवरिया के खिड़कीखुर्द में एयरफोर्स द्वारा की जा रही तार फेंसिंग के कारण ग्रामीणों और स्कूली बच्चों का मुख्य रास्ता बंद होने की कगार पर है।
आवरिया सरपंच संजू धुर्वे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एसडीएम को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर जनहित में रास्ता छोड़ने की मांग की है।
70 मीटर जमीन छोड़ने की मांग: ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर फेंसिंग की जा रही है, वहां की करीब 70 मीटर जमीन का उपयोग ग्रामीण और स्कूली बच्चे वर्षों से आवागमन के लिए कर रहे हैं। यदि यह हिस्सा कवर हो गया, तो किसानों को खेतों तक जाने और बच्चों को स्कूल पहुंचने में भारी परेशानी होगी।
सुगम सड़क का विकल्प: सरपंच संजू धुर्वे ने बताया कि ग्रामीण फेंसिंग का विरोध नहीं कर रहे हैं, बल्कि उस 70 मीटर हिस्से को छोड़ने की मांग कर रहे हैं ताकि वहां ग्राम पंचायत शासन की योजनाओं से सुलभ सड़क का निर्माण कर सके।
प्रशासन का आश्वासन: जनसुनवाई में पहुंचे ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यह रास्ता उनके दैनिक जीवन के लिए जीवन रेखा के समान है। ज्ञापन सौंपते समय रवि कवड़े, अलकेश धुर्वे, टिंकू अहके, जितेंद्र, रुपेश देवड़े, सूरज अहके, रितेश देवड़े सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। प्रशासन ने ज्ञापन लेकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।





