खबरवाणी
सूर्य नारायण तालाब के घटिया निर्माण की शिकायत पर ठेकेदार ने दी धमकी
मुलताई। नगर के एआईएमआईएम पार्टी से विधानसभा अध्यक्ष अल्ताफ अहमद ने सूर्य नारायण सरोवर में चल रहे निर्माण कार्य में अनियमितताओं और घटिया निर्माण का आरोप लगाते हुए पुलिस एवं नगर पालिका प्रशासन को अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।अल्ताफ ने बताया कि वे सूर्य नारायण सरोवर में चल रहे निर्माण कार्य देखने पहुंचे तो निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार दिनेश सरोदे और उसके साथियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की, जातिसूचक शब्द कहे तथा जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें दोबारा मौके पर आने पर जान से खत्म कर देने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी गई।इस संबंध में उन्होंने थाना प्रभारी मुलताई को ज्ञापन देकर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।वहीं उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष नीतू सिंह परमार एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन देकर में आरोप लगाया कि सूर्य नारायण सरोवर में निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने, कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच करवाने तथा संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही ठेकेदार को किए गए भुगतान की जानकारी सार्वजनिक करने की भी मांग उठाई।अल्ताफ ने कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए भी बाध्य होंगे।





