खबरवाणी
3 साल से अनुपस्थित शिक्षक को टर्मिनेट करने एवं प्रकरण दबाने वाले पर कार्रवाई के निर्देश
कलेकटर ने किया रगड़गांव स्कूल का निरीक्षण
मुलताई। कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे ने बुधवार को प्रभातपट्टन ब्लॉकके विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम रगड़गांव स्थित प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला पहुंचकर शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता और स्कूल की आधारभूत सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और शिक्षकों से छात्र-छात्राओं की दर्ज संख्या तथा उपस्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों से कविता सुनाने के साथ ही जोड़, घटाव, गुणा और भाग से जुड़े प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता परखी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं लावण्या, दीपा तथा छात्र वीर की उन्होंने सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि बच्चों की आधारभूत शिक्षा (फाउंडेशन लर्निंग) पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि भविष्य की पढ़ाई के लिए उनकी मजबूत नींव तैयार हो सके।निरीक्षण के दौरान सामने आया कि शिक्षक जयवंती अहाके पिछले तीन वर्षों से अनुपस्थित हैं। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित शिक्षक के विरुद्ध जांच कर टर्मिनेट करने की कार्रवाई करने तथा प्रकरण को लंबित रखने वाले संबंधित अधिकारी के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर पेयजल, शौचालय, बिजली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। शौचालय में पानी की टंकी नहीं होने पर उन्होंने पंचायत एवं शिक्षा विभाग को तत्काल टंकी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय में बिजली व्यवस्था सुचारू रखने और पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
उन्होंने मध्यान्ह भोजन कक्ष का निरीक्षण कर मेन्यू के अनुरूप भोजन तैयार होने की जानकारी ली तथा दाल एवं सब्जी की गुणवत्ता की जांच की। पंचायत को विद्यालय परिसर में बाउंड्री वॉल निर्माण एवं विद्यार्थियों के आवागमन की सुविधा के लिए पेविंग ब्लॉक लगाने के निर्देश दिए। वहीं परिसर में जर्जर भवन पाए जाने पर लोक निर्माण विभाग को उसे तत्काल
डिसमेंटल के निर्देश दिए।





