रथपर सवार होकर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा ने किया नगर भ्रमण
मुलताई। पवित्र नगरी मुलताई मे प्रति वर्ष की तरह इस बार भी गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे ताप्ती तट स्थित जगदीश मंदिर से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई। रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा को रथ में विराजित कर नगर भ्रमण कराया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने रथ की रस्सी खींचकर पुण्यफल प्राप्त किया। रथयात्रा के पूर्व ताप्ती तट स्थित जगदीश मंदिर में भगवान जगन्नाथ की महाआरती की गई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं बहन सुभद्रा की प्रतिमा रथ में सवार कराया गया, जिसके बाद रथयात्रा गाजे बाजे के साथ रवाना हुई। धार्मिक परम्परा अनुसार प्रतिवर्ष अषाढ़ मास की शुक्ल दूज पर भगवान जगन्नाथ अपने भक्तों का हाल जानने नगर भ्रमण पर निकलते है,इस अवसर पर भक्त भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।गुरुवार को नगर में निकली रथायात्रा नगर के मुख्य मार्ग से जैन कोल्ड्रिंक रोड होते हुए गांधी से थाना रोड होते हुए मंदिर पहुंची। इस दौरान भक्तो ने रास्ते भर रथयात्रा पर पुष्प वर्षा के पूजा अर्चना कर आरती उतारी एवं रथ के नीचे से निकलकर पुण्यफल अर्जित किया। इस दौरान जगदीश मंदिर के पुजारी संतोष शर्मा एवं अशोक शर्मा भी श्रद्धालुओं सहित रथयात्रा में शामिल हुए, इस दौरान रथ की रस्सी खींचने बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।