खबरवाणी
भारतीय किसान एवं मजदूर सेना के ज्ञापन पर मंडी प्रशासन हरकत में आया, बैतूल मंडी में शुरू हुई सफाई व्यवस्था
बैतूल। भारतीय किसान एवं मजदूर सेना द्वारा किसानों की समस्याओं को लेकर लगातार किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम देखने को मिला। संगठन के अध्यक्ष बबलू जाधव, उपाध्यक्ष शैलेंद्र पटेल एवं सतीश पटेल ने आज कृषि उपज मंडी बैतूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मंडी परिसर में कई दिनों से साफ-सफाई नहीं होने के कारण नालियों में गंदगी जमा थी तथा किसानों के उपयोग के लिए बनाए गए टीनशेडों पर व्यापारियों द्वारा माल एवं बोरियों का कब्जा कर रखा गया था, जिससे किसानों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।
इन समस्याओं को लेकर संगठन द्वारा प्रातःकाल मंडी सचिव के नाम एक लिखित ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन के बाद मंडी प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दोपहर में नालियों की सफाई, कचरा एवं गंदगी हटाने तथा किसानों के लिए बनाए गए टीनशेडों से व्यापारियों का माल हटाने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी।
भारतीय किसान एवं मजदूर सेना ने मंडी प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि किसानों की सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। संगठन ने मंडी परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को नियमित बनाए रखने, किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को सुचारू रखने तथा ज्ञापन में उल्लिखित अन्य मांगों पर भी शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।
अध्यक्ष बबलू जाधव ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन निरंतर संघर्षरत रहेगा और मंडी में किसानों के अधिकारों एवं सुविधाओं की रक्षा के लिए आगे भी आवाज उठाता रहेगा।
जारीकर्ता:
भारतीय किसान एवं मजदूर सेना
बबलू जाधव – अध्यक्ष





