खबरवाणी
नागझीरी श्मशान घाट बना रेती का अड्डा, ट्रैक्टर-ट्रॉली पार्किंग से बढ़ी अव्यवस्था
पानी, बिजली और स्वच्छता की सुविधाओं के अभाव में अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोग हो रहे परेशान
बुरहानपुर। शहर के नागझीरी श्मशान घाट में मूलभूत सुविधाओं के अभाव तथा बढ़ती अव्यवस्थाओं को लेकर नागरिकों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि श्मशान घाट परिसर का उपयोग अब रेती भंडारण स्थल और ट्रैक्टर-ट्रॉली पार्किंग के रूप में होने लगा है, जिससे अंतिम संस्कार के लिए आने वाले परिजनों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिकों के अनुसार श्मशान घाट परिसर में रेती के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं और कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लंबे समय तक खड़ी रहती हैं। इससे परिसर का स्वरूप प्रभावित हो रहा है तथा आने-जाने में भी परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि श्मशान घाट जैसी संवेदनशील जगह पर इस प्रकार की गतिविधियों से श्रद्धालुओं और शोकाकुल परिवारों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।
अंतिम संस्कार में आने वाले लोगों ने बताया कि श्मशान घाट में पेयजल व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। कई स्थानों पर पानी की टंकियां और नल खराब पड़े होने की शिकायते सामने आई है। गर्मी के मौसम में अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। वहीं विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित बताई जा रही है। परिसर में कई स्थानों पर लाइटें बंद पड़ी होने से शाम और रात्रि के समय पर्याप्त रोशनी नहीं मिल पाती, जिससे सुरक्षा और सुविधा दोनों प्रभावित होती हैं।
इसके अलावा परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी चिंताजनक बताई जा रही है। कई जगह कचरा और गंदगी फैली होने से वातावरण प्रभावित हो रहा है। नागरिकों का कहना है कि श्मशान घाट जैसी सार्वजनिक और धार्मिक महत्व की जगह पर नियमित सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल जैसी सुविधाओं का सुचारू रूप से उपलब्ध होना आवश्यक है।
क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि नागझीरी श्मशान घाट में व्याप्त अव्यवस्थाओं का शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक सुधार कार्य कराए जाएं। साथ ही परिसर में रेती के भंडारण और ट्रैक्टर-ट्रॉली पार्किंग की स्थिति की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को सम्मानजनक और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सके।
नागरिकों का कहना है कि श्मशान घाट केवल एक सार्वजनिक स्थल नहीं, बल्कि संवेदनाओं से जुड़ा स्थान है। ऐसे में यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव और अव्यवस्था संबंधित विभाग व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है। लोगों ने अपेक्षा जताई है कि संबंधित विभाग जल्द ही इस ओर ध्यान देकर आवश्यक व्यवस्थाएं बहाल करेगा, जिससे आमजन को राहत मिल सके।





