खबरवाणी
पंचकुंडीय महायज्ञ के साथ विद्यार्थियों को संस्कार एवं अध्यात्म की दी जानकारी
मुलताई। नगर के वीआईपी स्कूल परिसर में बुधवार को पंचकुंडीय महायज्ञ का भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन किया । कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे, विद्यालय के मार्गदर्शक दिलीप डांगे, विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. मधु पांसे, सचिव प्रदीप डांगे, विद्यालय के विद्यार्थी, शिक्षकगण तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
महायज्ञ के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां देकर राष्ट्र, समाज एवं मानव कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर गायत्री परिवार के उप जोन समन्वयक एवं वेदमाता गायत्री ट्रस्ट के व्यवस्थापक रामचंद्र गायकवाड़ ने बच्चों को गायत्री साधना, यज्ञ के वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक महत्व तथा संस्कारवान पीढ़ी के निर्माण में ऐसे आयोजनों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं समाजसेवा के प्रति प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित इस आध्यात्मिक एवं संस्कार मूलक आयोजन की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। अंत में सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।





