खबरवाणी
पेयजल व्यवस्था सुधारने नपा अध्यक्ष ने किया खरसाली फ़िल्टर प्लांट का निरीक्षण
मुलताई। नगर की जलप्रदाय व्यवस्था में सुधार लाने के लिए मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष नीतू परमार द्वारा सभापति एवं अधिकारियो के साथ खरसाली फ़िल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सभापति पार्षद शिल्पा मनीष शर्मा,सुरेश पौनीकर, अजय यादव तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीरेन्द्र तिवारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान फिल्टर प्लांट तक 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विद्युत पोल लगाए जाने के कार्य का अवलोकन किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वर्तमान में समय-समय पर होने वाली बिजली कटौती के कारण फिल्टर प्लांट का संचालन प्रभावित होता है, जिससे विभिन्न वार्डों में पर्याप्त पेयजल आपूर्ति नहीं हो पाती। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए फिल्टर प्लांट को 24 घंटे विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने की योजना पर कार्य किया जा रहा है।बिजली कटौती की समस्या होने से भगतसिंह वार्ड,अंबेडकर वार्ड में पेयजल आपूर्ति नहीं होने से वार्डवासियों को नगरपालिका के टैंकर से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।अध्यक्ष श्रीमती परमार ने कहा नगरवासियों को पर्याप्त एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराना नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्युत पोल स्थापित होने के बाद फिल्टर प्लांट को निर्बाध बिजली मिलेगी, जिससे सभी वार्डों में पर्याप्त मात्रा में पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी और नागरिकों को जल संकट से राहत मिलेगी।





