खबरवाणी
अन्नदाता के खाते में सेंध! एक साल में 23 हजार बढ़ी खाद की राशि
शाहपुर की सहकारी समिति जांच के घेरे में, किसानों ने निष्पक्ष जांच की मांग की
बैतूल। शाहपुर विकासखंड की केसिया सहकारी समिति में खाद वितरण को लेकर किसानों का आरोप है कि खाद के भुगतान में पिछले वर्ष की तुलना में 23 हजार रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि उन्हें यह स्पष्ट नहीं किया गया कि अतिरिक्त राशि किस आधार पर ली गई।
किसानों के अनुसार, गत वर्ष एक किसान से 1 लाख 29 हजार 552 रुपये की खाद का भुगतान लिया गया था, जबकि इस वर्ष उसके खाते में 1 लाख 52 हजार 552 रुपये की राशि दर्ज अथवा वसूल की गई है। दोनों वर्षों के भुगतान में 23 हजार रुपये का अंतर सामने आने के बाद सहकारी समिति की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
किसानों का कहना है कि यदि भुगतान में वृद्धि हुई है तो यह बताया जाना चाहिए कि क्या किसानों को उतनी ही मात्रा में खाद उपलब्ध कराई गई, जितनी राशि उनके खातों में दर्ज की गई है। यदि खाद की मात्रा समान रही है, तो अतिरिक्त 23 हजार रुपये की वसूली अथवा प्रविष्टि का आधार सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
मामले को लेकर किसानों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि खाद वितरण से संबंधित अभिलेखों, भुगतान विवरण और वितरण रजिस्टरों की जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि कहीं किसी स्तर पर अनियमितता तो नहीं हुई है। यदि जांच में गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
किसानों का कहना है कि यह 23 हजार रुपये का मामला नहीं, सहकारी व्यवस्था की पारदर्शिता और अन्नदाता के विश्वास से जुड़ा विषय है। उनका कहना है कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा और मेहनत की कमाई का पूरा हिसाब मिलना चाहिए।
नोट- उक्त जानकारी आवेदक/ शिकायतकर्ता द्वारा मीडिया प्रतिनिधियों को केवल सूचनार्थ प्रेषित की गई है। विस्तृत जानकारी के लिए संपर्क करें 7223999130
संलग्न: शिकायत आवेदन





