खबरवाणी
स्लुज गेट निर्माण में हो रही देरी से ताप्ती सरोवर खाली होने का खतरा
तकनीकी अधिकारियो की अनुपस्थिति में हो रहा है काम
मुलताई।पवित्र नगरी में ताप्ती सरोवर पर नगरपालिका द्वारा स्लुज गेट निर्माण का कार्य करवाया जा रहा है,निर्माण कार्य की समयावधि समाप्त हो चुकी है लेकिन अभी तक काम पूरा नहीं हो पाया है ऐसे में यदि निर्माण कार्य के दौरान बारिश होती है तो सरोवर में आया पानी बहने से ताप्ती सरोवर खाली होने का अंदेशा नजर आ रहा है।लेकिन लापरवाह अधिकारियो द्वारा कोई ध्यान नही दिया जा रहा है,शनिवार को सभापति निर्मला उबनारे एवं पार्षद अंजलि शिवहरे स्लुज गेट निर्माण का जायजा लेने पहुंचे तो निरीक्षण के दौरान बिना किसी तकनीकी अधिकारियो की उपस्थिति के निर्माण कार्य जारी था। नगरपालिका का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी एवं कर्मचारी निर्माण स्थल पर उपस्थित नहीं था जिस पर पार्षदों ने नाराजगी जताई। सभापति निर्मला उबनारे ने बताया की स्लुज गेट निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य को लेकर नपा अधिकारी गंभीर नहीं है जिसके कारण निर्माण कार्य कछुआ चाल से चल रहा है एवं नगरपालिका द्वारा इसकी तकनीकी निगरानी में भी लापरवाही की जा रही है जिससे इस कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हो रहे है। पार्षद अंजलि शिवहरे ने बताया की नपा अधिकारीयों की सुस्त कार्यप्रणाली के कारण समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है एवं धीमी गति से हो रहे काम को देखते हुए इसके जल्दी पूरा होने की सम्भावना भी नजर नहीं आ रही है जिसके कारण निर्माण के दौरान यदि बारिश होती है तो नगरपालिका द्वारा सरोवर में पानी रोकने की कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की गई है ऐसे में ताप्ती सरोवर के खाली होने का खतरा भी मंडराने लगा है। कांग्रेस पार्षदों ने चेतावनी देते हुए कहा की निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से यदि भविष्य में ताप्ती सरोवर खाली होता है तो इसके लिए नगरपालिका के अधिकारी जिम्मेदार होंगे ।





