खबरवाणी
पोस्टर प्रदर्शनी “तस्वीरें बोलती हैं” का आयोजन कल
नरसिंहपुर। भारतीय पत्रकारिता के दो सौ वर्षों की गौरवशाली यात्रा, उसके संघर्ष, सरोकार और सामाजिक योगदान को केंद्र में रखकर विशेष पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन पुणे निवासी दीप्ति कुशवाह द्वारा नरसिंहपुर में किया जा रहा है| वे नगर के वरिष्ठ पत्रकार डॉ. जे. एल. पटेल की सुपुत्री हैं| एम. आई. एम. टी. हिन्दी अकादमी, नरसिंहपुर द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी में दीप्ति कुशवाह द्वारा संकल्पित और निर्मित 50 पोस्टर प्रदर्शित किए जाएंगे, जिन्हें कोलाज शैली में तैयार किया गया है। इन पोस्टरों में भारतीय पत्रकारिता से जुड़ी तथ्यात्मक सामग्री, रोचक प्रसंग, नई जानकारियां, प्रेरक उद्धरण, कविताएं, शेर तथा साहित्यिक संदर्भ समाहित किए गए हैं। उद्घाटन के अवसर पर कैलाश सोनी, पूर्व सांसद, राज्यसभा, पं. मैथिलीशरण तिवारी और सुनील कोठारी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे| “तस्वीरें बोलती हैं” प्रदर्शनी का यह पांचवां अवसर है| इसका आयोजन इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र, नई दिल्ली में भी हो चुका है। कल 20 जून शनिवार को सुबह 11 बजे से संध्या 7 बजे तक, एम. आई. एम. टी. कॉलेज परिसर में इस प्रदर्शनी का अवलोकन किया जा सकेगा|





