खबरवाणी
सतपुड़ा की 660 मेगावाट परियोजना के निर्माण कार्यालय में आग
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी । सतपुड़ा ताप विद्युत गृह की 660 मेगावाट सुपरक्रिटिकल परियोजना के निर्माण कार्यालय में शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही प्लांट के दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि आग सबसे पहले सहायक अभियंता अमन पटेल के कक्ष में भड़की। देखते ही देखते आग ने कमरे में रखे कंप्यूटर, लैपटॉप, फर्नीचर, टेबल-कुर्सियां, फाइलें और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि अधिकांश सामग्री जलकर राख हो गई।
गनीमत रही कि घटना के समय कार्यालय में कोई अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। यदि आग कुछ देर और अनियंत्रित रहती, तो यह अन्य कक्षों तक फैल सकती थी और परियोजना को भारी नुकसान पहुंच सकता था।
घटना के बाद संबंधित अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।





