Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

खेतों से केबल चोरी करने वाला चोर और कबाड़ी गिरफ्तार, 35 किलो तांबा बरामद

By
Last updated:

खबरवाणी

खेतों से केबल चोरी करने वाला चोर और कबाड़ी गिरफ्तार, 35 किलो तांबा बरामद

साईंखेड़ा पुलिस की कार्रवाई; महाराष्ट्र तक पहुंची टीम, चोरी के माल को खरीदने वाला कबाड़ी भी पकड़ा, एक आरोपी फरार

बैतूल। साईंखेड़ा थाना क्षेत्र में किसानों के खेतों और कुओं से मोटर पंप की कॉपर केबल चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चोरी का माल खरीदने वाले महाराष्ट्र के मोर्शी निवासी कबाड़ी को भी पुलिस ने दबोच लिया। दोनों आरोपियों से चोरी के केबल से निकाला गया कुल 35 किलो जला हुआ तांबा, जिसकी कीमत करीब 35 हजार रुपए है, बरामद किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है।

 

पुलिस के अनुसार 4-5 जुलाई की रात ग्राम बाड़ेगांव में किसानों के खेतों से तथा 8-9 जुलाई की रात ग्राम धाबला में करीब 8 से 10 किसानों के खेतों और कुओं में लगे मोटर पंपों से कॉपर केबल काटकर चोरी कर ली गई थी। शिकायतों के बाद साईंखेड़ा थाने में अपराध क्रमांक 97/2026 और 99/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

 

वैज्ञानिक साक्ष्य और तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

 

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वाड की मदद से घटनास्थलों का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की गई। जांच में रवि पिता गेंदराव कुमरे (35), निवासी कुंदामाल, थाना आठनेर से पूछताछ की गई, जिसमें उसने साथी के साथ मिलकर खेतों से केबल चोरी करना स्वीकार किया।

 

रवि की निशानदेही पर दोनों मामलों से संबंधित केबल से निकाला गया 15 किलो जला हुआ तांबा बरामद किया गया।

 

चोरी का माल बेचने महाराष्ट्र पहुंची पुलिस

 

पूछताछ में रवि ने शेष चोरी का माल मोरशी, अमरावती निवासी कबाड़ी कलीम खान को बेचने की जानकारी दी। इसके बाद साईंखेड़ा पुलिस टीम महाराष्ट्र पहुंची और दबिश देकर कलीम पिता साहेबखान (55), निवासी खोलवाट, मोर्शी, जिला अमरावती को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी के मामलों से संबंधित 20 किलो जला हुआ तांबा बरामद हुआ। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने के आरोप में कलीम के खिलाफ बीएनएस की धारा 317(2) के तहत कार्रवाई की।

 

एक आरोपी अभी फरार

 

दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय मुलताई में पेश किया गया। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसकी तलाश की जा रही है।

 

पुलिस ने किसानों से की सतर्क रहने की अपील

 

एसपी वीरेन्द्र जैन ने किसानों और नागरिकों से खेतों में लगे मोटर पंप, बोरवेल केबल, ट्रांसफार्मर और अन्य विद्युत उपकरणों की निगरानी रखने की अपील की है। संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा गया है। पुलिस का कहना है कि समय पर सूचना मिलने से चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News