खबरवाणी
भारत विकास परिषद ने किया राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन
मुलताई। भारत विकास परिषद, मध्य भारत दक्षिण प्रांत की मां ताप्ती शाखा, मुलताई द्वारा शनिवार को साईराम लॉन में राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में नगर के सात विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए हिंदी एवं संस्कृत के समूह गीतों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं।प्रतियोगिता के पर्यवेक्षक के रूप में विवेक त्रिपाठी, प्रांत प्रकल्प प्रभारी राष्ट्रीय समूहगान तथा आर.एन. मौर्य, नर्मदापुरम संभाग समन्वयक उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में करौला पब्लिक स्कूल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वही आरडी पब्लिक स्कूल ने द्वितीय, पीएम श्री कन्या शाला ने तृतीय, ड्रीम्स प्ले स्कूल ने चतुर्थ, न्यू कार्मेल स्कूल ने पंचम, पोदार स्कूल ने षष्ठम तथा संदीपनी स्कूल ने सप्तम स्थान प्राप्त किया।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली करौला पब्लिक स्कूल की टीम आगामी 4 अक्टूबर को आयोजित होने वाली प्रांतीय स्तर की राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता में मुलताई का प्रतिनिधित्व करेगी।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, संस्कार एवं भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को प्रभावित किया तथा पूरे कार्यक्रम में उत्साह और राष्ट्रभक्ति का वातावरण बना रहा।भारत विकास परिषद मां ताप्ती शाखा द्वारा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी विद्यालयों, प्रतिभागी विद्यार्थियों, शिक्षकों, निर्णायकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।




