खबरवाणी
रील के चक्कर में खतरनाक स्टंट, दो युवक पकड़े गए, 500-500 रुपये का चालान
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी। सोशल मीडिया पर रील बनाने के चक्कर में जान जोखिम में डालकर स्टंट करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। सारणी क्षेत्र में खतरनाक स्टंट कर वीडियो बनाने वाले दो युवकों को पुलिस ने पकड़कर उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए 500-500 रुपये का चालान काटा है।
जानकारी के अनुसार, 6 जून को बैतूल-परसिया स्टेट हाईवे से सारणी शॉपिंग सेंटर तक कुछ युवक बिना हेलमेट तेज रफ्तार में तीन बाइक और एक स्कूटी पर खतरनाक स्टंट करते नजर आए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की गई।
थाना प्रभारी जयपाल इवनाती के निर्देशन में पुलिस ने वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान की। इनमें शोभापुर निवासी वसीम खान और बागडोना निवासी गौरव शामिल हैं। दोनों को पकड़कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 500-500 रुपये का चालान किया गया।
पुलिस ने युवकों को सख्त हिदायत दी है कि भविष्य में इस तरह के स्टंट न करें। साथ ही बताया गया कि खतरनाक ड्राइविंग और स्टंटबाजी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें भारी जुर्माना और जेल तक का प्रावधान है।
(बॉक्स न्यूज):
वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस
सोशल मीडिया पर स्टंट के वीडियो डालने वालों पर अब विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसी गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।





