खबरवाणी
ग्राम दांतपहाड़ी में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 67 से अधिक मरीजों ने लिया लाभ
बुरहानपुर। तहसील खकनार के ग्राम दांतपहाड़ी में सोमवार, 08 जून को ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा 67 से अधिक मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
शिविर में ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. कैलाश एवं डॉ. अकरम खान (जनरल फिजिशियन) ने मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। चिकित्सकों ने ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह भी दी।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान सभी मरीजों का नि:शुल्क सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण (जनरल चेकअप) एवं ब्लड प्रेशर की जांच की गई। चिकित्सकों ने समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने और किसी भी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने का आग्रह किया।
ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल के संचालक श्री कबीर चौकसे के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर को ग्राम पंचायत का भी भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के सफल संचालन में सरपंच, उपसरपंच एवं ग्राम सचिव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। शिविर के सफल आयोजन पर ग्रामवासियों ने ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल की टीम का आभार व्यक्त किया।
स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा लोगों को विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक करना रहा। आयोजकों ने भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की बात कही।





