खबरवाणी
हज़रत सैय्यद मुमताज अली का 40वां उर्स मुबारक शुरू
कव्वाली और मजलिसों की धूम
नरसिंहपुर। दरगाह हज़रत कचहेरी वाले बाबा कमेटी, नरसिंहपुर के तत्वावधान में सूफी संत हज़रत सैय्यद मुमताज अली र.अ. (कचहेरी वाले बाबा) का 40वां सालाना उर्स मुबारक अकीदत और एहतराम के साथ शुरू हो रहा है। दो दिवसीय इस धार्मिक व आध्यात्मिक आयोजन को लेकर जायरीन और अकीदतमंदों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। उर्स के दौरान विभिन्न धार्मिक और रूहानी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
उर्स के मुख्य कार्यक्रम और समय सारणी
उर्स कमेटी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 6 जून 2026 को उर्स का आगाज शनिवार को बाद नमाज़-ए-मग़रिब पवित्र कुरान खानी के साथ हुआ, जिसमें मुल्क में अमन-चैन की दुआ मांगी की गई। शनिवार की रात बाद नमाज़-ए-इशा मजार शरीफ पर पारंपरिक संदल पेश किया गया और मखमली चादर पोशी की रस्म अदा की गई।
शानदार क़व्वाली और महफ़िल-ए-रंग आज
उर्स के दूसरे दिन यानी आज रविवार को बाद नमाज़-ए-मग़रिब से लेकर रात 12 बजे तक एक अजीम-उश-शान कव्वाली का प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा। इसके तुरंत बाद सूफियाना कलामों के साथ ‘महफ़िल-ए-रंग’ सजाई जाएगी। इस वर्ष उर्स मुबारक के मौके पर सूफियाना कलाम पेश करने के लिए हिंदुस्तान के मशहूर और मकबूल खानकाही कव्वाल जनाब सहाब अली वारसी साहब, देवा शरीफ, लखनऊ विशेष रूप से तशरीफ ला रहे हैं। वे अपनी मखमली आवाज में सूफियाना कव्वाली और नात-ओ-मनकबत पेश कर समां बांधेंगे।
व्यापक तैयारियां पूरी
दरगाह हज़रत कचहेरी वाले बाबा कमेटी, नरसिंहपुर (म.प्र.) द्वारा जायरीन की सहूलियत के लिए दरगाह परिसर में लाइटिंग, बैठक व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कमेटी ने सभी अकीदतमंदों से गुजारिश की है कि वे अधिक से अधिक तादाद में पहुंचकर बाबा के उर्स की रौनक बढ़ाएं और फैज़-ओ-बरकात हासिल करें।





