खबरवाणी
10 हजार के इनामी अफीम तस्कर को सारनी पुलिस ने दबोचा
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी । जिला बैतूल में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारणी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सारणी पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी अफीम तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी नीमच जिले का निवासी है।
पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना सारणी में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के दो प्रकरणों में आरोपी लंबे समय से फरार था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राकेश बंजारा (37) निवासी ग्राम आमलीचक, थाना जावद जिला नीमच को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 100/25 धारा 8/18, 25 एवं 112/25 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपी को 04 जून 2026 को न्यायालय बैतूल में पेश किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उप निरीक्षक मनोज उईके, आम्रपाली डाहट, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र, देवेन्द्र प्रजापति तथा आरक्षक मोहित भाटी, सुनील डिंडोरे, शाहरुख खान एवं साइबर सेल के पंकज नरवरे की सराहनीय भूमिका रही।
एसपी वीरेन्द्र जैन ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। बैतूल पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





