खबरवाणी
आमला। शिक्षा की गुणवत्ता और सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने पहुंचे नवागत डीपीसी साकेत
आमला में हितमूलक योजनाओं की बड़ी समीक्षा बैठक; सेंट थामस स्कूल में जुटे शिक्षा विभाग के आला अधिकारी
आमला। शिक्षा विभाग द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास और उन्हें मिलने वाली सरकारी सुविधाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए आज स्थानीय सेंट थामस स्कूल, तोरनवाडा में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की कमान नवागत जिला परियोजना समन्वयक सुधीर कुमार साकेत ने संभाली। बैठक में बच्चों के हित में चल रही योजनाओं की प्रगति पर असंतोष जाहिर करते हुए कार्यप्रणाली में सुधार के सख्त निर्देश दिए गए।
मां सरस्वती के पूजन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत विद्या की देवी मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके उपरांत शिक्षा जगत के अधिकारियों ने नवागत डीपीसी श्री साकेत का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। बैठक में प्रमुख रूप से एपीसी श्री तुरीया, श्री वासुदेव धोटे, श्री धाड़से, श्री नवीन वरवड़े और विकास खण्ड स्रोत समन्वयक श्री मनीष धोटे उपस्थित रहे।
योजनाओं के क्रियान्वयन पर जोर
समीक्षा बैठक के दौरान डीपीसी श्री साकेत ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा बच्चों को हर हाल में योजनाओं का लाभ दिलाने की है। उन्होंने छात्रवृत्ति, गणवेश वितरण, और मध्याह्न भोजन जैसी मूलभूत सुविधाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा, “दस्तावेजों की खानापूर्ति के बजाय धरातल पर काम दिखना चाहिए। यदि किसी बच्चे का हित प्रभावित होता है, तो संबंधित जन शिक्षक और संकुल समन्वयक की जिम्मेदारी तय की जाएगी।”
कार्यक्रम अधिकारियों की रही मौजूदगी
बैठक में बीएसी श्री अजय सिंह परमार, श्री साहेबराव कोशे सहित ब्लॉक के समस्त जन शिक्षा केंद्र प्रभारी, जन शिक्षक और संकुल समन्वयक मौजूद थे। विकास खंड स्रोत समन्वयक मनीष धोटे ने बैठक का एजेंडा प्रस्तुत किया, जिसमें आगामी शैक्षणिक सत्र की तैयारियों और कमजोर रिजल्ट वाले क्षेत्रों पर विशेष फोकस करने की रणनीति साझा की गई। अधिकारियों ने एक सुर में कहा कि टीम वर्क के जरिए ही आमला ब्लॉक को शिक्षा के क्षेत्र में जिला स्तर पर अग्रणी बनाया जा सकता है।





