खबरवाणी
सारनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अपहरण कर लूट करने वाले 4 आरोपी 12 घंटे में गिरफ्तार
खबरवाणी न्यूज़ रफीक
सारनी । पुलिस ने अपहरण कर लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए महज 12 घंटे के भीतर 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 35 हजार रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त मारुति सुजुकी XL-6 कार (क्रमांक MP11CC6824) भी जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी जगदीश उईके पिता बस्तीराम उईके (उम्र 35 वर्ष), निवासी नसीराबाद थाना चिचोली ने थाना सारणी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 29 मई 2026 को अपने दोस्त साजन विश्वकर्मा से मिलने सारणी आया था। सुबह करीब 10:30 बजे छोटा मठारदेव के पास ईटाभट्टा क्षेत्र में खड़ा था, तभी एक सफेद रंग की XL-6 कार में सवार चार लोग पहुंचे और उसके साथ मारपीट कर जबरन कार में बैठाकर जंगल में ले गए।
आरोपियों ने फरियादी को डरा-धमकाकर मोबाइल के माध्यम से 40 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए तथा 10 हजार रुपये एटीएम से निकलवाए। इसके बाद आरोपी उसे जंगल में छोड़कर फरार हो गए। इस मामले में थाना सारणी में अपराध क्रमांक 172/26 धारा 308(5), 140(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी सारणी सुश्री प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी पंकज खातरकर पिता सुंदरलाल खातरकर, उम्र 28 वर्ष, निवासी बांसवाड़ी दुधावानी थाना रानीपुर,मोनू रजक पिता मूलचंद रजक, उम्र 27 वर्ष, निवासी श्रीराम कॉलोनी जिला गुना,यश पिता प्रेमानंद रननवरे, उम्र 20 वर्ष, निवासी हनुमान नगर यवतमाल जिला महाराष्ट्र,ओमप्रकाश पिता जगदीश भोरबंशी, उम्र 30 वर्ष, निवासी देशावाड़ी थाना शाहपुर हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 35,000 रुपये नगद एवं घटना में प्रयुक्त मारुति सुजुकी XL-6 कार (MP11CC6824) जब्त की है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उप निरीक्षक प्रीति पालेवार, प्रधान आरक्षक श्रीराम उईके तथा आरक्षक मोहित भाटी, जितेन्द्र मोरे, बलराम राजपूत (साइबर सेल) की सराहनीय भूमिका रही।





