खबरवाणी
इंदिरा कॉलोनी ए सेक्टर में हादसे का खतरा, मुख्य सर्विस लाइन पर गिर सकते हैं पेड़ शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं
बुरहानपुर। शहर की इंदिरा कॉलोनी में तेज आंधी और बारिश के चलते एक बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। क्षेत्र में स्थित कई पेड़ मुख्य सर्विस लाइन के बेहद करीब झुके हुए हैं, जो तेज हवा चलने पर कभी भी लाइन पर गिर सकते हैं। इससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ-साथ जनहानि की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। रहवासियों के अनुसार लगातार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदारों की अनदेखी से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि बारिश और तेज आंधी के मौसम में पेड़ों की कमजोर शाखाएं कभी भी टूटकर मुख्य सर्विस लाइन पर गिर सकती हैं, जिससे शॉर्ट सर्किट, बिजली गुल होने और बड़ा हादसा होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। बच्चों और राहगीरों के लिए भी यह स्थिति खतरनाक बनी हुई है।
निवासियों ने विभाग से मांग की है कि समय रहते पेड़ों की छंटाई करवाई जाए तथा संभावित खतरे को तत्काल दूर किया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
अब देखना यह है कि संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या को कितनी गंभीरता से लेते हैं या फिर किसी हादसे के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।






