खबरवाणी
शाहपुर स्वास्थ्य शिविर में उमड़ी मरीजों की भीड़, 505 लोगों का हुआ उपचार, 5 हृदय रोगी चिन्हित
शाहपुर। जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार की स्वीकृति से जिले में आयोजित किए जा रहे स्वास्थ्य शिविरों की श्रृंखला के तहत शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शाहपुर में विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार का लाभ लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर परिषद अध्यक्ष विक्की नायक एवं नीतु गुप्ता द्वारा किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार हुरमाड़े ने बताया कि शिविर में कुल 505 मरीजों का पंजीयन किया गया, जिनमें 222 पुरुष और 283 महिलाएं शामिल रहीं। सभी मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श प्रदान किया गया।
शिविर में जिला चिकित्सालय से पहुंचे स्त्री रोग, शिशु रोग, दंत रोग एवं मानसिक रोग विशेषज्ञों ने मरीजों का परीक्षण कर उपचार किया। वहीं अनंत हृदय अस्पताल की विशेषज्ञ टीम द्वारा हृदय रोग संबंधी जांच भी की गई। जांच के दौरान 17 संभावित हृदय रोगियों की स्क्रीनिंग की गई, जिनमें से 5 मरीज हृदय रोग से प्रभावित पाए गए, जिन्हें आगे के उपचार के लिए आवश्यक सलाह दी गई।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना और गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान करना है।
इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिवकुमार रघुवंशी, आरबीएसके प्रबंधक, बीपीएम, बीसीएम, प्रभारी बीईई, स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ, आशा कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





