खबरवाणी
नौतपा में 42 डिग्री के बीच बदला मौसम, आधे घंटे की बारिश से मिली राहत
खबरवाणी न्यूज रफीक
सारनी। नौतपा के दौरान भीषण गर्मी के बीच शनिवार दोपहर करीब 2 बजे अचानक मौसम ने करवट ली। लगभग 42 डिग्री तापमान झेल रहे सारणी क्षेत्र में अचानक बादल छा गए और करीब आधे घंटे तक हल्की से मध्यम बारिश होती रही। तपती गर्मी से जूझ रहे लोगों को इस बारिश से बड़ी राहत मिली।
बारिश के दौरान सड़कों पर पानी बहने लगा और पेड़-पौधे भी भीगकर ताजगी से भर उठे। तेज धूप और उमस के बीच अचानक हुई इस बारिश ने मौसम को कुछ समय के लिए सुहावना बना दिया। हालांकि, करीब आधे घंटे बाद फिर से धूप निकल आई और गर्मी का असर दोबारा महसूस होने लगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह का बदलता मौसम अब आम होता जा रहा है। बुजुर्गों के अनुसार पहले इस तरह का अचानक बदलाव कम देखने को मिलता था, लेकिन अब गर्मी में बारिश और ठंड में गर्मी जैसे हालात बढ़ते जा रहे हैं। इसे लेकर लोग जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण असंतुलन को जिम्मेदार मान रहे हैं।
विशेषज्ञ भी मानते हैं कि जंगलों की कटाई, बढ़ता प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग के कारण मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है, जिसका असर अब छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी साफ दिखाई देने लगा है।





