Search ई-पेपर ई-पेपर WhatsApp

उद्घाटन के दो साल बाद भी शुरू नहीं हो सका सेग्रीगेशन कचरा घर, अब गेट चोरी और दीवार भी क्षतिग्रस्त

By
On:

खबरवाणी

उद्घाटन के दो साल बाद भी शुरू नहीं हो सका सेग्रीगेशन कचरा घर, अब गेट चोरी और दीवार भी क्षतिग्रस्त

डाबरी पंचायत में स्वच्छता योजना का बुरा हाल, उपयोग से पहले ही जर्जर होने लगा ढांचा

भौंरा। जनपद पंचायत शाहपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत डाबरी में स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्मित सेग्रीगेशन कचरा घर दो वर्ष बाद भी अपने उद्देश्य को पूरा नहीं कर पाया है। विडंबना यह है कि विकास यात्रा के दौरान इसका विधिवत उद्घाटन भी किया गया था, लेकिन उद्घाटन के बाद से आज तक यह एक दिन के लिए भी संचालित नहीं हो सका। परिणामस्वरूप लगभग तीन लाख रुपये की लागत से निर्मित यह ढांचा अब उपेक्षा का शिकार होकर धीरे-धीरे क्षतिग्रस्त होता जा रहा है।
शासन द्वारा पंचायतों में सेग्रीगेशन कचरा घरों का निर्माण इस उद्देश्य से कराया गया था कि गांवों में घर-घर से एकत्रित होने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा सके। इससे गांवों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होती और खुले में कचरा फेंकने की समस्या पर नियंत्रण पाया जा सकता था। लेकिन डाबरी पंचायत में यह योजना उद्घाटन के बाद भी धरातल पर शुरू नहीं हो पाई।
ग्रामीणों के अनुसार करीब दो साल पहले बने इस सेग्रीगेशन कचरा घर में आज तक एक बार भी कचरा नहीं डाला गया। लंबे समय तक बंद पड़े रहने के कारण इसका गेट चोरी हो गया, जबकि अंदर बनी विभाजन दीवार भी क्षतिग्रस्त होकर टूट गई है। भवन की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और यदि समय रहते इसका उपयोग शुरू नहीं किया गया तो पूरा ढांचा जर्जर होकर अनुपयोगी हो सकता है।ग्रामीणों का कहना है कि जिस भवन का उद्घाटन कर योजना के सफल क्रियान्वयन का दावा किया गया था, वह आज तक केवल शोपीस बनकर खड़ा है। इससे न केवल शासन की मंशा प्रभावित हुई है बल्कि सार्वजनिक धन के उपयोग पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

इस संबंध में ग्राम पंचायत सचिव गोरेलाल कासदे ने बताया कि सेग्रीगेशन घर करीब दो वर्ष पहले पूर्ण हो चुका था, लेकिन उसका गेट चोरी हो जाने के कारण उसे प्रारंभ नहीं कराया जा सका। मैं पिछले छह माह से अवकाश पर था। अब पुनः प्रभार ले रहा हूं और जल्द ही आवश्यक व्यवस्था कर उसे शुरू कराया जाएगा।
हालांकि ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं कि जब भवन का उद्घाटन दो वर्ष पहले हो चुका था तो उसके संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर क्यों नहीं की गईं। उनका कहना है कि यदि समय रहते निगरानी और रखरखाव किया जाता तो न तो गेट चोरी होता और न ही भवन की दीवारें क्षतिग्रस्त होतीं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पंचायत में बंद पड़े सेग्रीगेशन कचरा घर को तत्काल चालू कराया जाए, क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराई जाए तथा ऐसी योजनाओं की समीक्षा की जाए जो निर्माण और उद्घाटन के बाद भी वर्षों तक उपयोग में नहीं लाई जा सकीं। इससे यह सुनिश्चित हो सकेगा कि स्वच्छता के नाम पर खर्च की गई सरकारी राशि वास्तव में ग्रामीणों के काम आए।

इनका कहना

मैं कल ही संबंधित सब इंजीनियर को मौके पर भेजकर मामले की जांच करवाता हूं। यह देखा जाएगा कि सेग्रीगेशन कचरा घर का निर्माण और उद्घाटन होने के बावजूद अभी तक चालू क्यों नहीं हुआ। जांच प्रतिवेदन के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

दिलीप बारस्कर, पंचायत इंस्पेक्टर, जनपद पंचायत शाहपुर।

For Feedback - feedback@example.com
Home Icon Home E-Paper Icon E-Paper Facebook Icon Facebook Google News Icon Google News