खबरवाणी
श्री बहुचरा माता मंदिर राजपुरा समिति ने पेश की मानवता की मिसाल
लालबाग रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को ठंडे पानी की सेवा देकर किया पुण्य कार्य
बुरहानपुर। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच श्री बहुचरा माता मंदिर राजपुरा समिति द्वारा मानव सेवा का सराहनीय कार्य किया गया। समिति के सदस्यों ने लालबाग रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को पीने के लिए ठंडा पानी उपलब्ध कराकर इंसानियत और सेवा भाव का परिचय दिया।
गर्मी के चलते यात्रा कर रहे यात्रियों को प्यास और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में राजपुरा समिति ने आगे आकर स्टेशन पर पहुंचने वाले यात्रियों को ठंडा पानी पिलाकर राहत पहुंचाई। समिति के सदस्यों ने स्वयं उपस्थित रहकर हर यात्री को पानी वितरित किया और सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
समिति के इस सेवा कार्य को यात्रियों ने खूब सराहा। यात्रियों का कहना है कि भीषण गर्मी में इस तरह की सेवा बेहद राहत देने वाली है। पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य माना जाता है और समिति ने इसे सार्थक करते हुए समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
समिति के सदस्यों ने बताया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए यह सेवा कार्य लगातार जारी रखा जाएगा, ताकि दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को राहत मिल सके।
समाजसेवियों का कहना है कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में भाईचारे, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं। श्री बहुचरा माता मंदिर राजपुरा समिति का यह प्रयास निश्चित रूप से अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगा।





