खबरवाणी
साईंखेड़ा के संसारखेड़ा रेत खदान के पास हुआ दर्दनाक हादसा ग्रामीणों ने शव रखकर किया चक्काजाम
नरसिंहपुर। जिले के साईंखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत संसारखेड़ा रेत खदान के पास शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। रेत से भरे तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से ग्राम तूमड़ा निवासी शैलेश (पिता इंदर हरिजन) की मौके पर ही जान चली गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने स्टेट हाईवे क्रमांक-44 पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि संसारखेड़ा रेत खदान से लगातार भारी संख्या में डंपरों का संचालन हो रहा है। इनकी तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण क्षेत्र में दुर्घटनाओं का खतरा हमेशा बना रहता है। कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद महिलाओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रेत खदान संचालकों द्वारा मामले को दबाने की कोशिश की जाती है। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी खदान संचालकों से साठगांठ और पैसे लेने के आरोप लगाए। महिलाओं का कहना था कि इस लापरवाही के कारण निर्दोष लोगों की जान जा रही है और जिम्मेदार लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही।
देर रात तक जारी रहा प्रदर्शन
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास करते रहे। इसके बावजूद देर रात तक प्रदर्शन जारी रहा। परिजनों और ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक मुआवजा और अन्य मांगें पूरी नहीं होंगी, वे शव को सड़क से नहीं हटाएंगे। प्रशासन द्वारा तत्काल मुआवजा देने में असमर्थता जताई गई, जिसके चलते गतिरोध बना रहा। इस दौरान ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया।
सुबह खुला चक्काजाम
कांग्रेस की जिला अध्यक्ष सुनीता पटेल भी परिजनों के साथ धरने पर बैठीं। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह करीब 5 बजे चक्काजाम समाप्त कराया गया। प्रशासन द्वारा मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपये की नकद सहायता राशि दी गई है। इसके साथ ही शासन की अन्य योजनाओं के तहत मिलने वाली सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।





