देशभर में गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक सूरज आग उगल रहा है। कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। यूपी का बांदा एक बार फिर सबसे गर्म शहर बना, जहां पारा 47.6°C दर्ज हुआ। वहीं छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में भी 47°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। ऐसे में भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 5 दिनों तक भीषण हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली समेत कई राज्यों में लू का तांडव
दिल्ली-एनसीआर में गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया है। राजधानी में अधिकतम तापमान 43.6°C और न्यूनतम तापमान 31.9°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 7 दिनों तक दिल्ली में लू चलने की संभावना है। तेज गर्म हवाएं 30 से 45 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं। हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड जैसे राज्यों में भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा।
18 राज्यों में हीटवेव और उमस का डबल अटैक
IMD के मुताबिक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के करीब 18 राज्यों में हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं बंगाल, ओडिशा, झारखंड, तेलंगाना, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी, जिससे लोगों की नींद उड़ सकती है। गांव-कस्बों में लोग दोपहर में घरों से निकलने से बच रहे हैं।
मानसून ने बढ़ाई उम्मीद, जल्द मिलेगी राहत
एक तरफ गर्मी लोगों को झुलसा रही है तो दूसरी तरफ मानसून की आहट राहत लेकर आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढ़ सकता है। यह दक्षिण-पूर्व अरब सागर, अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों तक पहुंचने वाला है। इससे पूर्वोत्तर भारत और पूर्वी राज्यों में भारी बारिश की संभावना बढ़ गई है। किसानों और आम लोगों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इन राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और पश्चिमी राजस्थान में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। वहीं असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 23 से 27 मई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में भी तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी तूफानी बारिश लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत दे सकती है।
Read Also :- आयुष्मान भारत योजना: 70 साल से ऊपर बुजुर्गों को मिलेगा ₹5 लाख तक फ्री इलाज, घर बैठे बनाएं गोल्डन कार्ड





