खबरवाणी
ग्राम बिसनूर में भीषण आगजनी, चार मकान जलकर खाक
लाखों का नुकसान, ग्रामीणों में दहशत का माहौल
प्रभातपट्टन ब्लॉक के ग्राम बिसनूर में दोपहर 3 बजे के लगभग भीषण आगजनी की घटना से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते ग्राम के चार भाईयो की ग्रहस्ती उजड़ गई और आग से चार मकान चपेट में आ गए और कुछ ही समय में बलराम धोटे, अजाब धोटे, भोजराव धोटे और पंजाबराव धोटे के बने कच्चे मकान जलकर पूरी तरह खाक हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया तथा ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल कर आग बिझाने के लिए बाल्टी केन पाइप लेकर दौडे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग सबसे पहले अजाब घोटे के पशुचारा रखा भुसे मे लगी भुसे से आग टेक्टर ने पकड़ ली धीरे धीरे आग एक कच्चे मकान से उठती दिखाई दी तो ग्रामीणो को मालूम पडा तेज हवाओं के कारण आग ने तेजी से आसपास के मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने बाल्टियों, पाइप और मोटर पंप की सहायता से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें लगातार बढ़ती चली गईं। सूचना मिलने पर दमकल वाहन आठनेर और मुलताई से मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
आगजनी में प्रभावित परिवारों के घरों में रखा
ट्रैक्टर , मोटरसाइकिल, साइकिल, अनाज, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन, नगदी गृहस्ती का सामान और जरूरी दस्तावेज भी जलकर राख हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। पर किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
स्थानीय धनराज साहू, मोहित ठाकरे का कहना है कि यदि समय पर दमकल वाहन पहुंच जाते तो नुकसान कम हो सकता था। गांव में सांसद निधि से प्रदत्त फायर फाइटर टैंकर भी है , त्वरित स्तर पर उसका सही उपयोग हो सकता था। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण माना जा रहा है।
इस घटना के बाद गांव में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है। प्रभावित परिवारों का कहना है कि वर्षों की मेहनत से बनाया गया उनका आशियाना कुछ ही मिनटों में राख में बदल गया।







