खबरवाणी
आमला। भक्तिमय हुआ परसोड़ी श्रीराम कथा के शुभारंभ पर निकली भव्य कलश यात्रा
प्रभात फेरी की 9वीं वर्षगांठ पर विशेष आयोजन; संत राधिकानंद जी महाराज सुनाएंगे रामकथा
आमला। समीपस्थ ग्राम परसोड़ी में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का एक अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। ग्राम में संचालित श्रीराम प्रभात फेरी की 9वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर ग्रामीण जनों एवं सूर्यवंशी क्षत्रिय पवार समाज के विशेष सहयोग से नव दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिन ग्राम में एक विशाल और भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में मातृशक्तियां और श्रद्धालु शामिल हुए।
माता मंदिर से शुरू हुई भव्य कलश यात्रा
कथा के प्रथम दिवस पर ग्राम के ऐतिहासिक माता मंदिर से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश यात्रा की शुरुआत हुई। सिर पर मंगल कलश धारण किए महिलाएं और युवतियां पारंपरिक वेशभूषा में भजनों पर थिरकती नजर आईं। यह यात्रा पूरे ग्राम भ्रमण के बाद कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। कलश यात्रा के दौरान पूरा गांव भगवामय हो गया और ‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
संत राधिकानंद जी महाराज करेंगे कथा रसपान
नव दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में कथा वाचक के रूप में प्रख्यात संत, महंत राधिकानंद जी महाराज पधारे हैं। उनके आगमन से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी हर्ष है। कलश यात्रा के दौरान महाराज श्री का ग्रामीणों ने भावभीना स्वागत किया। बुधवार से नियमित रूप से दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक महाराज श्री के मुखारविंद से श्रीराम कथा की अमृत वर्षा होगी।
27 मई को होगा पूर्णाहुति और भंडारा
समिति के सदस्यों ने बताया कि यह आध्यात्मिक आयोजन आगामी 27 मई 2026, बुधवार तक चलेगा। समापन के दिन विशेष श्रीराम पाठ, भव्य हवन-पूजन और महाप्रसाद (भंडारे) का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति और सूर्यवंशी क्षत्रिय पवार समाज ने आसपास के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से कथा में शामिल होकर पुण्य लाभ कमाने की अपील की है।





